भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उन्होंने कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाए। पात्रा ने दावा किया कि देश में पहली वोट चोरी पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के समय हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरदार वल्लभभाई पटेल के पक्ष में अधिक समर्थन होने के बावजूद नेहरू प्रधानमंत्री बने।

‘नेहरू वोट चोरी करके प्रधानमंत्री बने थे’

संबित पात्रा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के वोट चोरी से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर बोलने से पहले अपने इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल SIR तथा मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को लेकर राजनीति कर रहे हैं।

पात्रा ने कांग्रेस के मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी असली संसद में हंगामा करती है और कामकाज बाधित करती है। उनके मुताबिक, इस तरह के आयोजन संसद की गरिमा का मजाक उड़ाने जैसे हैं।

SIR पर 13 करोड़ वोट कटने के दावे को बताया गलत

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के दावे पर पात्रा ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि SIR के तहत नामों की जांच और मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया चल रही है।

उन्होंने ASDD श्रेणी का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें अनुपस्थित (Absent), स्थायी रूप से स्थानांतरित (Shifted), मृत (Death) और डुप्लीकेट (Duplicate) मतदाताओं के नाम शामिल होते हैं। पात्रा के अनुसार, BLO मतदाताओं के घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाते हैं और अनुपस्थित पाए जाने वालों को दोबारा पंजीकरण का अवसर मिलता है।

‘SIR से फर्जी वोटिंग पर लगी रोक’

BJP सांसद ने दावा किया कि देश में अब तक 12 बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें 10 बार कांग्रेस के शासनकाल में यह प्रक्रिया अपनाई गई। उन्होंने कहा कि इस बार SIR के जरिए मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं।

पात्रा ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि मृत लोगों के नाम पर फर्जी मतदान कराया जाता था और SIR से ऐसी गतिविधियों पर रोक लगी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि करीब 6 करोड़ स्थानांतरित मतदाताओं ने दोबारा पंजीकरण कराया है।

अंत में पात्रा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग नोटिस मिलने और फॉर्म उपलब्ध होने के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों को घुसपैठिया बताते हुए कांग्रेस से अपने आरोपों का आधार स्पष्ट करने की मांग की। ये सभी दावे संबित पात्रा द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m