कुंदन कुमार, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सार्वजनिक सेवा काल को ऐतिहासिक बताते हुए मंत्रिपरिषद की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री परिषद यह संकल्प लेती है कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण में बिहार अपना पूरा योगदान देगा और इसके लिए जो भी संभव प्रयास होंगे, उन्हें पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाया जाएगा।
’संकल्प से राष्ट्र और सेवा भावना से देश आगे बढ़ता है’
सम्राट चौधरी ने कहा कि 7 अक्टूबर की तारीख इस बात का स्मरण कराती है कि संकल्प और सेवा भावना से राष्ट्र का निर्माण होता है। समय के साथ परिस्थितियां बदलती रहीं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने हर क्षेत्र में एक नई कार्य संस्कृति स्थापित की। उन्होंने संवेदनशील होकर गरीबों, किसानों, दलितों और शोषितों के लिए लगातार काम किया और यह साबित कर दिया कि यदि नियत साफ हो, तो समाज का कोई भी वर्ग विकास से अछूता नहीं रहता।
बुनियादी सुधारों से लेकर बड़ी परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री ने देश की बुनियादी समस्याओं को दूर करने का काम किया। जनधन बैंक खाते खोलने, हर घर शौचालय निर्माण और आयुष्मान भारत कार्ड जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन को आसान बनाया। उन्होंने बताया कि अकेले बिहार में 1.5 करोड़ से अधिक परिवारों को शौचालय की सुविधा दी गई और वर्ष 2018 तक राज्य के हर घर तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया गया।
बिहार के सर्वांगीण विकास में प्रधानमंत्री का अहम योगदान
बिहार के विकास पर बात करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में लंबे समय से अटकी परियोजनाओं को गति देने में केंद्र सरकार का बड़ा योगदान रहा है। बड़े-बड़े पुलों का निर्माण, शहरों का आधुनिकीकरण, बुनियादी ढांचे का विस्तार और गरीबों के लिए पक्के मकानों का निर्माण जैसी अनेक बड़ी सौगातें बिहार को मिली हैं। प्रधानमंत्री के इस योगदान से राज्य में विकास की एक नई रफ्तार देखने को मिली है।

