शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित समता रास गरबा उत्सव 2026 ने शहर में भक्ति, परंपरा और उल्लास का भव्य संगम प्रस्तुत किया है। रायपुर के भैस्थान मैदान में आयोजित नौ दिवसीय रास गरबा उत्सव में पूरे छत्तीसगढ़ से हजारों की संख्या में गरबा प्रेमी और श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित बच्चे, युवक-युवतियों, महिलाओं और परिवारों ने मां दुर्गा के भक्तिमय गीतों और भजनों की धुन पर गरबा और डांडिया खेलकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस आयोजन में लल्लूराम डॉट कॉम डिजिटल मीडिया पार्टनर रहा।
गरबा स्थल पर दिखा उत्साह-उमंग और मां नवदुर्गा की आराधना का अद्भुत नजारा
रास गरबा उत्सव में पूरे नौ दिनों तक प्रसिद्ध गायक सैफ एंड सोहेल के साथ गरबा स्थल पर उत्साह, उमंग और मां नवदुर्गा की आराधना का अद्भुत नजारा देखने को मिला। समता कॉलोनी रास गरबा समिति पूरे नौ दिनों तक चयनित प्रतिभागियों को आकर्षित उपहारो से पुरुस्कृत करते नजर आती है।

आयोजन समिति प्रमुख सुबोध हरितवाल ने बताया कि इस भव्य आयोजन में प्रदेश के कई गणमान्य नागरिक अतिथियों के रूप में शामिल होकर उत्सव की गरिमा बढ़ाई है। रास गरबा की पारंपरिक संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता को समर्पित इस आयोजन में हर आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मां दुर्गा की आराधना के साथ पारंपरिक गरबा की रंगीन छटा ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। भक्तिमय संगीत, आकर्षक परिधान और ताल से ताल मिलाते हजारों प्रतिभागियों ने नवरात्र के उत्सव को यादगार बना दिया।
नवमी पर होगा उत्सव का भव्य समापन, विजेताओं को मिलेंगे 250 से अधिक पुरस्कार:
समता रास गरबा उत्सव 2026 के अंतिम दिन यानी सोमवार महानवमी के अवसर पर प्रतिभागियों और विजेताओं के लिए विशेष आकर्षण रखा गया है। आयोजन समिति की ओर से सैकड़ों आकर्षक उपहारों की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर कुल 250 से अधिक पुरस्कार वितरित किए जाएंगे, जिन्हें लेकर गरबा प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

पुरस्कारों में प्रथम पुरस्कार के रूप में होंडा एक्टिवा, जेंट्रॉन इलेक्ट्रॉनिक बाइक, बेस्ट कपल्स के लिए डायमंड रिंग, एलईडी टीवी और 31 हजार रुपये सहित अनेक आकर्षक उपहार शामिल हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से आयोजन समिति ने प्रतिभागियों के उत्साह को और बढ़ाने का प्रयास किया है। नौ दिनों तक गरबा में अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और उत्साह का प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए अंतिम दिन विशेष यादगार बनने जा रहा है।
भक्ति के साथ परंपरा और संस्कृति को बढ़ावा:
समता कॉलोनी रास गरबा समिति के आयोजन समिति प्रमुख सुबोध हरितवाल ने बताया कि समता रास गरबा उत्सव का उद्देश्य केवल गरबा और डांडिया का आयोजन करना ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारंपरिक परिधानों, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता को भी प्रोत्साहित करना है। नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की आराधना के साथ आयोजित यह उत्सव लोगों को एक साझा मंच प्रदान करता है, जहां परिवार, युवा और समाज के विभिन्न वर्ग एक साथ आकर उत्सव का आनंद लेते हैं। हमारी पूरी टीम आयोजन में शामिल हुए हर एक नागरिक और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हैं।

आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की गईं। गरबा स्थल की साज-सज्जा से लेकर व्यवस्थाओं तक आयोजन को भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया गया। हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी ने इस उत्सव को राजधानी रायपुर के प्रमुख नवरात्र आयोजनों में विशेष पहचान दिलाई।

समता रास गरबा उत्सव 2026 के नौ दिवसीय आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि गरबा केवल नृत्य नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति, सामूहिकता और उत्साह का प्रतीक है। मां नवदुर्गा की भक्ति में सराबोर इस आयोजन का समापन नवमी के दिन आकर्षक पुरस्कार वितरण और उल्लासपूर्ण माहौल के बीच होगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

