अजयारिवंद नामदेव, शहडोल। जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन का सिलसिला लगातार जारी है। रात में वैध रेत खदानों के संचालन नहीं होने से रेत की मांग और कीमत बढ़ गई है, जिसका फायदा उठाकर देवलौंद और ब्यौहारी थाना क्षेत्रों से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर यूपी और रीवा की ओर परिवहन किए जाने की बात सामने आ रही है। इसी बीच तेज रफ्तार रेत लोड करने जा रहे एक हाईवा की चपेट में आने से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।

READ MORE: ‘रुक जाओ नहीं तो मार दूंगा गोली’: रेत माफिया बाप-बेटे के तहसीलदार को धमकाने का वीडियो वायरल

ब्यौहारी थाना क्षेत्र के बेडरा के पास ब्यौहारी से सवारी लेकर पतेरा टोला जा रहे ऑटो को पोड़ी की ओर रेत लोड करने जा रहे तेज रफ्तार हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी, टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो चालक ललन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार 6 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक का शव शहडोल-मानपुर मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया,प्रदर्शनकारियों ने अवैध रेत परिवहन पर तत्काल रोक लगाने, दोषी हाईवा चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। जाम के कारण शहडोल-मानपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कई घंटों तक प्रभावित है।

READ MORE: सिंगरौली में रेत के खेल का बड़ा खुलासा! विधायक पुत्र-दामाद पर आरोपों के बीच प्रशासन का शिकंजा, 900 किमी दूर की टीपी पर दौड़ रहा था हाइवा!

सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के कारण लगातार भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध रेत कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वही इस पूरे मामले ब्यौहारी थाना प्रभारी ज्याउल हक ने जानकारी देते हुए बताया कि एक तेज रफ्तार हाइव ने ऑटो को टक्कर मारी जिससे ऑटो चालक की मौके पर मौत हो गई ,जबकि ऑटो में सवार कुछ लोग घायल हुए है,जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, गुस्साए लोगों ने  प्रदर्शन कर रहे उन्हें समझाइस दी जा रही है, मामले में कार्यवाही की जा रही है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m