परवेज खान, शिवपुरी। मध्यप्रदेश खनन माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जिले के ग्राम सड़बूड़ रोड पर सिंध नदी के समीप अवैध खनन को रोकने पहुंची राजस्व टीम पर (तहसीलदार) माफिया द्वारा जान से मारने की धमकी देने का मामला आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी उसके पिता और बेटे के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
आरोपियों ने राजस्व टीम को घेर लिया
दरअसल बदरवास सिंध नदी के पास शासकीय भूमि पर अवैध खनन की सूचना पर तहसीलदार सचिन भार्गव, पटवारी, कोटवार और शासकीय वाहन चालक सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। टीम ने देखा कि रेत उत्खनन का रास्ता बनाने के लिए एक हाइड्रा मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से अवैध रूप से मिट्टी खोदी जा रही है। अधिकारियों ने वाहनों को जब्ती की कार्रवाई शुरू की, इसी दौरान आरोपी जयमंडल यादव उसके पिता लाखन और पुत्र विकुल ने टीम को घेर लिया और शासकीय कार्य में बाधा डाली।
खाकी फिर शर्मसारः थाने के अंदर नग्न अवस्था में सोते आरक्षक का वीडियो वायरल, एसपी ने किया लाइन अटैच
बेटे को घर से बंदूक लाने के लिए भी कहा
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार जयमंडल यादव ने तहसीलदार को धमकाते हुए कहा, “रुक जाइए, नहीं तो गोली मार दूंगा, जेल चला जाऊंगा।” इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने बेटे को घर से बंदूक लाने के लिए भी कहा, ताकि राजस्व अमले पर हमला किया जा सके। हंगामे के बीच आरोपी मौके से एक हाइड्रा मशीन और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भगाने में सफल रहे हालांकि, टीम ने मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया और उसे पुलिस के सुपुर्द किया।
कोटवार की रिपोर्ट पर से आरोपी जयमंडल, लाखन और विकुल यादव पर BNS की विभिन्न धाराओं तथा खान एवं खनिज अधिनियम के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज की है। हालांकि आरोपी अबतक गिरफ्तार नहीं हुए है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

