निरसा (धनबाद)। झारखंड के धनबाद जिले में बालू घाट पर विवाद के दौरान पश्चिम बंगाल के एक ट्रक चालक की मौत का मामला सामने आया है। निरसा थाना क्षेत्र के पोलकेरा घाट पर बालू के चालान और पैसे को लेकर विवाद के बाद कुछ लोगों ने ट्रक चालक पर लाठी-डंडे और फावड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक की इलाज के लिए पश्चिम बंगाल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई।

मृतक की पहचान 48 वर्षीय हसन मंडल के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के बागडांगा का रहने वाला था। हसन मंडल ट्रक नंबर WB 15 E 0212 लेकर बराकर नदी स्थित पोलकेरा घाट पर बालू लेने पहुंचा था।

चार-पांच लोगों ने अचानक किया हमला

ट्रक के खलासी विश्वनाथ दास के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10:30 बजे चार-पांच लोग वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे ट्रक चालक हसन मंडल पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और फावड़े से मारपीट की, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

खलासी के अनुसार, घायल हालत में हसन मंडल किसी तरह ट्रक को करीब आधा किलोमीटर दूर तक लेकर आए। इसके बाद वह बेहोश हो गए। घटना की जानकारी बालू स्टॉकिस्ट सिकंदर अंसारी को दी गई।

अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत

जानकारी मिलने के बाद सिकंदर अंसारी कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल चालक को धनबाद के अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर गुरुवार को उसे इलाज के लिए पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच

शुक्रवार को मृतक के भाई, ट्रक के खलासी और ट्रक मालिक निरसा थाना पहुंचे। इसके बाद टुंडी एसडीपीओ और निरसा एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मृतक के परिजनों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की जांच की। इसके साथ ही मारपीट के आरोपियों के घरों पर छापेमारी भी की गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

बालू घाट पर विवाद के बाद हुई वारदात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद बालू के चालान और पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही विवाद की पूरी वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।