मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के सगाई और शादी समारोह में शामिल होंगे. संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई 14 नवंबर को अलीगढ़ में होगी, जबकि दोनों की शादी 27 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित है.

प्रयागराज. उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह की सगाई और शादी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे. संदीप सिंह ने शनिवार को अपनी मां प्रेमलता वर्मा, बहन पूर्णिमा सिंह और बहनोई प्रवीण राज सिंह के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें दोनों आयोजनों का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया.

प्रवीण राज सिंह के मुताबिक, मुख्यमंत्री 14 नवंबर को अलीगढ़ में होने वाले सगाई समारोह में पहुंचेंगे. इसके बाद 27 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले शादी समारोह में भी शामिल होंगे.

एक मंच पर सगाई

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई 14 नवंबर को एक ही मंच पर होगी. संदीप सिंह की सगाई मेघना से तय हुई है, जबकि सौरभ सिंह वर्मा की सगाई अंतरा के साथ होगी.

मेघना, विजय और अरुण चौधरी की पुत्री हैं. वहीं, अंतरा अनुराधा और देवेश त्यागी की पुत्री हैं.

अलीगढ़ में होगा आयोजन

सगाई समारोह अलीगढ़ में रामघाट कल्याण मार्ग स्थित तालानगरी में संत फिदेलिस स्कूल के पास मैदान में तैयार किए जा रहे पंडाल में आयोजित होगा. परिवार की ओर से समारोह में शामिल होने वाले मेहमानों को निमंत्रण भेजे जा रहे हैं.

दोनों भाइयों का विवाह समारोह 27 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित है. इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की सहमति मिल चुकी है.