लक्ष्य वर्मा , करनाल। हरियाणा के करनाल में सफाई व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है। करनाल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर काम छोड़ हड़ताल शुरू कर दी है, जो पांच दिन से अधिक समय से जारी है।
सफाई कर्मचारी नगर निगम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि दो दिन तक सफाई कार्य ठप रहा, तो शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।
अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। उनका आरोप है कि बार-बार मांग रखने के बावजूद सरकार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।

ये है प्रमुख मांगें
कर्मचारियों ने ग्रुप-डी भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सीवरमैन और सफाई कर्मचारियों को दरकिनार कर अन्य लोगों को भर्ती किया गया है, जबकि वे पिछले 15-20 वर्षों से सेवा दे रहे हैं।
सफाई कर्मचारियों की मुख्य मांगों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना और “समान काम के लिए समान वेतन” लागू करना शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि वे हड़ताल नहीं करना चाहते थे, लेकिन मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ा।
फिलहाल, अगर जल्द समाधान नहीं निकला, तो करनाल शहर में सफाई व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है।

