० नगर पालिका कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन, चेतावनी— मांगें न मानी तो होगा बड़ा आंदोलन
अनिल शर्मा ,बराड़ा। नगर पालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को ठेकेदार की कथित मनमानी, समय पर वेतन न मिलने और मानदेय में कटौती के विरोध में नगर पालिका कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की और नपा सचिव को ज्ञापन सौंपा।
सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि वे नगर की स्वच्छता व्यवस्था दिन-रात संभालते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित मानदेय और सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से मानदेय बढ़ाकर 15,200 रुपये तय किया गया है, लेकिन ठेकेदार द्वारा इसका पूरा भुगतान नहीं किया जा रहा।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण जैसे दस्ताने, मास्क और अन्य सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही, जिससे उन्हें जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है।
इस दौरान सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान वेद प्रकाश ने कहा कि ठेकेदार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मामले को लेकर नपा सचिव ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि शिकायत को उच्च अधिकारियों तक भेजा जाएगा तथा नियमों के अनुसार कर्मचारियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदर्शन में टोनी, संदीप, विक्रम, सतपाल, रविंद्र, गुरनाम, विनोद कुमार, कविता रानी, रमेश कुमार, गगनदीप, राजेश, संजीव और मुकेश सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल रहे।

