Sanjay Bhatia Congress Rally Statement: कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की ओर से 1 नवंबर को प्रस्तावित महारैली से पहले भाजपा ने विपक्ष पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया ने रविवार को जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस चुनाव में हारने पर वोट चोरी के आरोप लगाती है, जबकि जीत मिलने पर उसे ये मुद्दे याद नहीं आते। इस दौरान सांसद मंजू शर्मा समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

‘जीतने पर वोट चोरी याद नहीं आती’
संजय भाटिया ने कांग्रेस के चुनावी आरोपों पर पलटवार करते हुए कर्नाटक, केरल और हिमाचल प्रदेश का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन राज्यों में कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब वोट चोरी की बात नहीं करती। नगरीय निकाय चुनावों में भी कांग्रेस ज्यादा वोट मिलने का दावा करती है, लेकिन इसके बावजूद चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाती है। भाटिया ने कांग्रेस को आरोप लगाने के बजाय आत्मचिंतन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पार्टी को अपनी गलतियों और सरकार के कार्यकाल की समीक्षा करनी चाहिए। उनके मुताबिक, झूठे आरोप लगाने से कुछ हासिल नहीं होगा।
चुनाव आयोग पर विपक्ष के रुख को लेकर सवाल
चुनाव आयोग पर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी भाजपा प्रभारी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पूछा कि यदि कांग्रेस को चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है, तो वह पंचायत चुनाव क्यों लड़ रही है? भाटिया ने आरोप लगाया कि देश में जब भी कोई सुधार होता है, कांग्रेस उसका विरोध करती है। उन्होंने विपक्ष से चुनाव प्रक्रिया और सुधारों को लेकर अपने रुख पर विचार करने की बात कही।
अनुच्छेद 370 हटने के बाद कश्मीर में बदलाव का दावा
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाटिया ने अनुच्छेद 370 का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू के समय अनुच्छेद 370 लागू होने से जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा मिला था। उनके मुताबिक, इसे हटाए जाने के बाद वहां परिस्थितियों में बदलाव आया है।
भाटिया ने श्रीनगर के लाल चौक का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले वहां तिरंगा फहराना मुश्किल था, जबकि अब बदलाव दिखाई देता है। उन्होंने नवरात्रि जैसे पर्वों पर धार्मिक आयोजनों का भी उल्लेख किया। साथ ही आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में हो रहे बदलावों और विकास कार्यों का विरोध करती है।
ऑपरेशन सिंदूर और सैन्य कार्रवाई पर भी विपक्ष को घेरा
भाजपा प्रभारी ने सर्जिकल स्ट्राइक, एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विपक्ष के सवालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सेना की कार्रवाई के सबूत मांगने से जवानों का मनोबल प्रभावित होता है।
भाटिया ने विपक्ष से सवाल किया कि क्या वह ऑपरेशन सिंदूर को स्वीकार करता है और भारत की सफलता को मानता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का विरोध करते-करते विपक्ष देश का विरोध करने लगता है। उनके अनुसार, राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विपक्ष को जिम्मेदारी से अपनी बात रखनी चाहिए।
‘मन की बात’ के बाद मेक इन इंडिया की सराहना
मीडिया से बातचीत से पहले संजय भाटिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। इसके बाद उन्होंने मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार इन पहलों पर जोर देते रहे हैं और भारत की उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पहले देश रक्षा उपकरणों और हथियारों की आपूर्ति के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहता था, जबकि अब भारत कई देशों को अपने उत्पाद और रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है। भाजपा प्रभारी ने इसे देश की आर्थिक ताकत और आत्मनिर्भरता में बढ़ोतरी का संकेत बताया।
पढ़ें ये खबरें
- डेढ़ करोड़ के टेंट, 5 हजार किराया और फिर गायब! पालीघाट की नाइट स्टे योजना का क्या हुआ?
- मोहन सरकार के इस सीनियर अधिकारी ने लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों पर गिराई गाज, करोड़ों के घोटाले का पर्दाफाश कर 392 पर लिया एक्शन
- ‘गठबंधन’ से भाजपा गई डर! कांग्रेस के 200 सीट वाले होर्डिंग पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, पलटवार करते हुए दी तीखी प्रतिक्रिया
- ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजी काशी: समर्थकों का प्यार देख PM मोदी ने बीच रास्ते रुकवा दिया काफिला
- रणथंभौर में बाघिन T-2403 के साथ दिखे 3 शावक, कैमरा ट्रैप से खुलेगा एक और राज

