हरिद्वार के लक्सर के पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने वायरल वीडियो को लेकर सफाई देते हुए इसे विपक्ष की साजिश बताया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी व्यक्ति को लेकर गलत टिप्पणी नहीं की थी और उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया.

हरिद्वार. लक्सर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने अपने जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिए गए कथित विवादित बयान को लेकर सफाई दी है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर उन्होंने विपक्ष पर बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने और उन्हें बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाया है.

वायरल वीडियो पर सफाई

संजय गुप्ता ने कहा कि उन्होंने किसी व्यक्ति को लेकर गलत टिप्पणी नहीं की थी. उनका आरोप है कि उनके बयान को काट-छांटकर गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया और इसी वजह से विवाद खड़ा हुआ.

पूर्व विधायक ने अपने जन्मस्थान सुल्तानपुर गांव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के साथ कई योजनाएं यहां लाने का काम किया. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ओवरहेड टैंक के निर्माण के लिए 11 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई.

संजय गुप्ता ने कहा कि वह अपनी जन्मभूमि का कर्ज उतारने के लिए काम कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने अपने बयान को गलत तरीके से वायरल करने वालों की निंदा की.

जन्मदिन कार्यक्रम में बयान

दरअसल, बीते गुरुवार को संजय गुप्ता के जन्मदिन के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें बड़ी संख्या में उनके समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे थे, जबकि कई भाजपा नेता भी मौजूद थे.

कार्यक्रम में पूर्व विधायक ने अपने कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया. उन्होंने क्षेत्र में पेयजल की समस्या दूर करने के लिए पानी की टंकियां बनवाने और लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराने का दावा किया.

बयान पर हुआ विवाद

भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि पहले करीब 20 फुट की गहराई पर गंदा पानी मिलता था, जबकि उनके कार्यकाल में लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराया गया. इसी दौरान उन्होंने कहा कि उनका पानी पीने के बाद वोट नहीं देने पर पेट में कीड़े पड़ेंगे.

इसी टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद शुरू हुआ. अब पूर्व विधायक ने वायरल वीडियो को संदर्भ से हटाकर और तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने का आरोप लगाते हुए अपना पक्ष रखा है.