कुंदन कुमार/पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा करते हुए इंडिया गठबंधन की कार्यप्रणाली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर तारीफ की है। पटना में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर तीखे हमले किए और सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया।
इंडिया गठबंधन में विरोधाभास
संजय झा ने इंडिया एलायंस की बैठक और उसकी प्रकृति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह गठबंधन विरोधाभासों से भरा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस गठबंधन में शामिल दल राज्यों में एक-दूसरे के धुर विरोधी रहे हैं और चुनाव के दौरान भी उनका मुकाबला आपस में ही होता है। ऐसे में एकजुटता का दावा केवल दिखावा है।
ममता बनर्जी पर साधा निशाना
बिना किसी का नाम लिए उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। झा ने कहा कि आज बंगाल की स्थिति जगजाहिर है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग गठबंधन में सबसे ज्यादा सक्रियता और स्पीड दिखाने का दावा कर रहे हैं उनका ट्रैक रिकॉर्ड और वर्तमान कार्यशैली सबको दिख रही है।
नीतीश कुमार की भूमिका को किया याद
गठबंधन के शुरुआती दौर को याद करते हुए संजय झा ने कहा कि जब नीतीश कुमार ‘इंडिया’ गठबंधन को एकजुट करने के लिए देश भर में घूम रहे थे, तब उन्हें गठबंधन का कन्वेनर बनाने की चर्चा जोरों पर थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार ने कभी स्वयं के लिए पद की मांग नहीं की, बल्कि उन्होंने गठबंधन के हितों और मजबूती के लिए उस समय ईमानदारी से काम किया था। नीतीश कुमार का उद्देश्य देश में एक मजबूत विकल्प तैयार करना था, न कि किसी पद को हासिल करना।
मोदी सरकार के 12 वर्षों का किया गुणगान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल पर बात करते हुए संजय झा ने कहा कि देश की जनता ने उनके 12 वर्षों के कामकाज को परखा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा आम जनमानस के लिए जो जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं, उनका लाभ सीधे तौर पर गरीबों और वंचितों तक पहुंच रहा है। इसी विकास कार्य के आधार पर जनता ने तीसरी बार प्रधानमंत्री मोदी को अपना समर्थन दिया है और देश की कमान फिर से उन्हें सौंपी है। उन्होंने अंत में कहा कि धरातल पर दिख रहे कार्य ही सरकार की सबसे बड़ी सफलता हैं।

