कुंदन कुमार, पटना। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने दरभंगा जिले के मनीगाछी प्रखंड के नारायणपुर गांव के लाल एवं सुप्रसिद्ध अभिनेता संजय मिश्रा को फिल्म ‘भक्षक’ में शानदार अभिनय के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में ‘सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता’ के सम्मान से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
संजय सरावगी ने कहा कि संजय मिश्रा का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित होना पूरे बिहार, विशेषकर मिथिला और दरभंगा के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मिथिला की माटी ने सदैव कला, साहित्य, संस्कृति और प्रतिभा के क्षेत्र में देश को विशिष्ट पहचान दिलाने वाली विभूतियां दी हैं। संजय मिश्रा ने अपनी प्रतिभा और सशक्त अभिनय के माध्यम से इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संजय मिश्रा ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट अभिनय क्षमता के बल पर राष्ट्रीय पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। फिल्म ‘भक्षक’ में उनके अभिनय को मिला यह सम्मान उनकी कला के साथ-साथ बिहार की प्रतिभा का भी सम्मान है। उन्होंने कहा कि दरभंगा के मनीगाछी जैसे क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि संजय मिश्रा की यह उपलब्धि मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और यहां की प्रतिभाओं की क्षमता को देश के सामने प्रस्तुत करती है। उनकी सफलता से दरभंगा सहित पूरे बिहार के कलाकारों और युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा तथा उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी।
संजय सरावगी ने कहा कि संजय मिश्रा की उपलब्धि से मिथिला और दरभंगा के लोगों का गौरव और बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी वे अपने अभिनय के माध्यम से देश-विदेश में बिहार और मिथिला का नाम रोशन करते रहेंगे।
उन्होंने श्यामा माई से संजय मिश्रा के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि बिहार की नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा देती रहेगी।
ये भी पढ़ें- ‘बंगाल और बिहार में फिर से हो चुनाव’, तेजस्वी का EC पर बड़ा हमला, ज्ञानेश कुमार को बताया ‘नमूना’



