गोंडा में बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हमले के बाद मौत हो गई, जिसके बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया. मंत्री ने आरोपियों की गिरफ्तारी और संबंधित थाना व चौकी के स्टाफ को बर्खास्त करने की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर एसपी कार्यालय और आवास के घेराव की बात कही.
सतीश सिंह, लखनऊ. गोंडा में बुधवार रात करीब 8 बजे बर्तन कारोबारी व निषाद पार्टी प्रमुख के करीबी विनोद कुमार साहनी पर जानलेवा हमले के चलते हुई मौत के बाद प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री व निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने गोंडा के पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने कहा कि आज रात तक आरोपियों पर मुकदमा दर्ज होने के साथ ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. साथ ही थाना अध्यक्ष परसपुर एवं चौकी इंचार्ज शाहपुर समेत समस्त स्टाफ को बर्खास्त किया जाए. यदि ऐसा नहीं होता है तो मैं एसपी के कार्यालय व आवास का घेराव करने स्वयं गोंडा जाएंगे.

कारोबारी पर हुआ हमला
दरअसल, गोंडा में बुधवार रात करीब 8 बजे बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी (45) पर हमला कर दिया गया. हमला उस वक्त हुआ, जब वह दुकान बंद करके घर लौट रहे थे. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया. गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे लखनऊ केजीएमयू (मेडिकल कॉलेज) में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

परिजनों से मिले मंत्री
मामले की जानकारी के बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद केजीएमयू पहुंचे. केजीएमयू पहुंचने के बाद उन्होंने विनोद कुमार के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाते हुए न्याय दिलाने का आश्वासन दिया. केजीएमयू के बाद मंत्री पोस्टमार्टम हाउस भी पहुंचे और वहां पर तकरीबन एक घंटे तक रुके.

कार्रवाई की मांग
इस दौरान मीडिया से बातचीत में डॉ. संजय निषाद ने कहा कि यह अत्यंत दुखद, पीड़ादायक और हृदयविदारक घटना है. मैं इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा करता हूं और किसी भी कीमत पर इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. विनोद निषाद को न्याय दिलाने के लिए हम हर लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे. दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए.



