प्रयागराज में उत्तर प्रदेश के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने मछुआरा समाज के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी और प्रदेश में 10 बड़े सम्मेलनों की घोषणा की. उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश को 10 जोन में बांटकर रैलियां करने और ‘घर-घर लगाओ झंडा’ अभियान चलाने की बात कही.

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद शनिवार को प्रयागराज पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मछुआरा समाज के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और संगठन की आगामी गतिविधियों का खाका सामने रखा.

मंत्री ने कहा कि सरकार निषाद और मछुआरा समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सब्सिडी, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार से जुड़े अवसर उपलब्ध करा रही है. उन्होंने प्रदेश में जनजागरण और राजनीतिक एकजुटता के लिए 10 बड़े सम्मेलनों के आयोजन की घोषणा भी की.

योजनाओं का जिक्र

डॉ. संजय निषाद के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 15 हजार लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया है. उन्होंने बताया कि सामान्य लाभार्थियों को परियोजना लागत का 60 प्रतिशत और महिलाओं को अतिरिक्त लाभ दिया जा रहा है.

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की परियोजनाओं में निषाद समाज को सब्सिडी दी गई है. उनके मुताबिक, साढ़े छह करोड़ रुपये की मिल परियोजना पर 2 करोड़ 90 लाख रुपये की सीधी सब्सिडी दी गई है.

मंत्री ने मत्स्य संपदा योजना और केज कल्चर जैसी पहलों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इनके जरिए पोखरों और तालाबों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि पट्टेधारकों को प्रति एकड़ के आधार पर वित्तीय सहायता भी दी जा रही है.

शिक्षा और सहायता

डॉ. निषाद ने मछुआ कल्याण कोष के तहत बच्चों की शिक्षा के लिए दी जा रही आर्थिक सहायता का भी उल्लेख किया. उनके अनुसार, हाईस्कूल स्तर पर 10 हजार रुपये, इंटर स्तर पर 20 हजार रुपये, स्नातक के लिए 30 हजार रुपये और उच्च शिक्षा के लिए 50 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है.

उन्होंने बेटियों के विवाह और गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता दिए जाने की बात भी कही. इसके अलावा निषादराज बोट योजना के तहत हजारों नावें उपलब्ध कराने का दावा किया.

10 जोन में अभियान

संगठनात्मक रणनीति की जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश को 10 जोन में बांटकर 10 बड़ी रैलियां आयोजित की जाएंगी. इसके साथ ही उन्होंने ‘घर-घर लगाओ झंडा’ अभियान का आह्वान किया.

डॉ. संजय निषाद ने कहा कि संगठन की एकजुटता के जरिए आरक्षण और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाया जाएगा. उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निषाद समाज के अधिकार, जमीन और शिक्षा के अवसर छीनने का आरोप भी लगाया और कहा कि मौजूदा सरकार इन्हें वापस दिलाने का काम कर रही है.