Bihar News: पश्चिम बंगाल की पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाते हुए महज दो दिनों के अंदर करीब 1500 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाने का काम किया है। पुलिस के मुताबिक, इन धार्मिक स्थलों पर तय ध्वनि सीमा का उल्लंघन किया जा रहा था, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। हालांकि पुलिस के इस कार्रवाई का बड़े पैमाने पर विरोध होता भी दिख रहा है। वहीं, अब इस मुद्दे पर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।

लाउडस्पीकर हटाए जाने पर संजय सरावगी का बयान

पश्चिम बंगाल में मस्जिद से लाउडस्पीकर हटाए जाने पर संजय सरावगी ने कहा कि, यह आरोप गलत है। तेज आवाज के कारण बुजुर्गों और छात्रों को भारी ध्वनि प्रदूषण के कारण भारी कठिनाई होती थी, जिसके कारण ध्वनि प्रदूषण बोर्ड ने एक समान कार्रवाई की है। सभी धार्मिक स्थलों पर, जहां तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर लगे हुए थे, चाहे वो मस्जिद हो, मंदिर हो या अन्य कई धार्मिक स्थल, सभी जगहों से हटाए गए हैं। इसलिए ये आरोप एकदम गलत है कि केवल मस्जिद से लाउडस्पीकर हटाए गए हैं।

देश हित में FCRA बिल- संजय

वहीं, FCRA बिल पर संजय सरावगी ने कहा कि, ये कई सालों से लटका हुआ है। ये देश हित में बिल है। धर्मांतरण के लिए विदेशी पैसे से प्रोत्साहन दिया जाता था और ये देश हित में नहीं है। विदेशी शक्तियां पैसा देकर यहां देश विरोधी काम कराती थीं, जिसके कारण ये बिल अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारी केंद्र की सरकार लगी भी है कि कैसे इसको पास कराया जाए। ये होना ही चाहिए। देश हित में ये अत्यंत आवश्यक है।

RSS प्रमुख के साथ Gen Z संवाद पर कही ये बात

RSS प्रमुख मोहन भागवत के Gen Z संवाद कार्यक्रम पर उन्होंने कहा कि, यह स्वागत योग्य कदम है। आदरणीय परमपूज्य सरसंघचालक ने कहा है कि छात्रों से सीधा संवाद होना चाहिए। आपने देखा, पूरे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सीधे वीडियो संदेश के माध्यम से डायरेक्ट नौजवानों और छात्रों से संवाद किया था। अब सरसंघचालक भी कह रहे हैं। यह स्वागत योग्य कदम है। यह होना चाहिए।

मेटा के माफी मांगने पर क्या कहा?

Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग द्वारा माफी मांगने पर संजय सरावगी ने कहा कि, पूरी जानकारी मेटा को बुलाकर उनको बताई गई। यह घोर निंदनीय है, आपत्तिजनक है कि देश के प्रधानमंत्री का वीडियो कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। तो मेटा के जो मालिक हैं, उन्होंने लिखित रूप से माफी मांगी है। उन्होंने कई बातें बताई हैं कि पैसे लेकर कैसे-कैसे कुछ कंटेंट को ज्यादा लाइक और ज्यादा प्रचारित किया गया। उन्होंने माफी मांगी है।

ये भी पढ़ें- बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार को फिर से लागू होगा हाफ-डे, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश