संजय पाटीदार, भोपाल। केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भोपाल का संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन अब जल्द ही हाईटेक और आधुनिक सुविधाओं से लैस नजर आएगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का तेजी से पुनर्विकास किया जा रहा है। करीब 30 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को अपग्रेड करने और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने का काम जारी है।
पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाले इस महत्वपूर्ण स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। स्टेशन पर अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए जा रहे है, ताकि यात्रियों की आवाजाही आसान और व्यवस्थित हो सके। स्टेशन पर दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, संकेतक और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: नौतपा का फायर मोड ऑन: 25 मई से आग उगलेगा आसमान, पारा 46 डिग्री तक पहुंचने के आसार
इसके अलावा यात्रियों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जा रही है। स्टेशन के शौचालयों को भी आधुनिक सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया जा रहा है। वहीं स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है। यात्रियों को गर्मी, बारिश और धूप से राहत देने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 पर बड़े कवर ओवर शेड लगाए जा रहे हैं। साथ ही प्लेटफॉर्म की सतह को भी नया और बेहतर बनाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: भीषण गर्मी में ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा फैसला, दोपहर में ब्लिंकर मोड पर रहेंगे सिग्नल
स्टेशन भवन के बाहरी हिस्से, अंदरूनी एरिया और वेटिंग हॉल का मॉडर्न लुक तैयार किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर और आरामदायक माहौल मिल सके। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पुराने फुट ओवर ब्रिज का विस्तार और पुनर्स्थापन किया जा रहा है। इसके साथ ही स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज भी बनाया जा रहा है, जिससे प्लेटफॉर्म के बीच आने-जाने में आसानी होगी और भीड़भाड़ कम होगी।

