सरायकेला। पश्चिम बंगाल के दातिया में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव के तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर हुआ। घटना की खबर गांव पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मेले से लौट रहे थे तीनों युवक
जानकारी के अनुसार, जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप बाइक से पुरुलिया जिले के बलरामपुर स्थित छाता मेला देखने गए थे। तीनों ने वहां पनामा सर्कस देखा। इसके बाद देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।घर लौटने के दौरान मालती चेकपोस्ट के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।
तेज रफ्तार अर्टिगा ने बाइक को मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
शिवम गोप और लुकास गोप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल सपन गोप को इलाज के लिए पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद कार चालक फरार
दुर्घटना के बाद अर्टिगा कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पश्चिम बंगाल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस फरार चालक और दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश कर रही है।
नीमडीह थाना प्रभारी डीलशन बिरुवा ने बताया कि वाहन की पहचान के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस फरार चालक का पता लगाने में जुटी है।
एक साथ तीन मौतों से गांव में मातम
एक ही गांव के तीन युवकों की एक साथ मौत से जुगिलांग गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे ने तीन परिवारों को गहरा सदमा दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

