पंकज श्रीवास्तव, सारण। जिले में एक बार फिर से अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं और बदमाशों में पुलिस का खौफ पूरी तरह से खत्म होता दिख रहा है। ताजा मामला सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र का है, जहां अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और व्यापारियों में भारी रोष एवं डर का माहौल बना हुआ है।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यवसायी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रसुलपुर बाजार स्थित अपनी दुकान को बंद कर स्वर्ण व्यवसायी बजरंगी सोनी (उम्र करीब 35 वर्ष) अपनी बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से ही घात लगाकर बैठे बाइक सवार सशस्त्र अपराधियों ने उन्हें अपना निशाना बनाया। जब बजरंगी सोनी की बाइक अपराधियों के पास से गुजरी, तो बदमाशों ने बिना देर किए उन पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी।
गोलियों की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक व्यवसायी बाइक समेत सड़क पर लहूलुहान होकर गिर चुके थे और अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। गोलीबारी की इस घटना से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
भाजपा नेता के हैं भाई, पुलिस जांच में जुटी
गोलीबारी की आवाज सुनकर तुरंत स्थानीय ग्रामीण और दुकानदार मौके पर इकट्ठा हुए। लोगों ने इस घटना की सूचना तुरंत अमनौर थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
घायल बजरंगी सोनी अमनौर के भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र सोनी के भाई बताए जा रहे हैं। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पहले छपरा सदर अस्पताल रेफर किया। छपरा के चिकित्सकों ने भी उनकी नाजुक हालत को भांपते हुए तुरंत पटना (पीएमसएएच) रेफर कर दिया। पुलिस के शुरुआती अनुमान के अनुसार, व्यवसायी को कुल तीन गोलियां लगी हैं।
लूटपाट या पुरानी रंजिश? पुलिस खंगाल रही है हर पहलू
घटना के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह वारदात किसी पुरानी दुश्मनी का नतीजा है या इसके पीछे लूटपाट की नीयत थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अपराधियों ने गोली मारने के बाद व्यवसायी से किसी तरह की लूटपाट की है या नहीं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


