सोहराब आलम, सारण/पटना। एनडीए प्रत्याशी आनंद पुष्कर के पक्ष में शिक्षकों को लामबंद करने और चुनावी माहौल को मजबूती देने बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी स्वयं मैदान में उतरे। शिक्षकों के साथ बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री ने राज्य की ताजा राजनीतिक स्थिति, हालिया आपराधिक घटनाओं और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला।
नीरज कुमार की जीत तय
हाल के दिनों में नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच सामने आए जुबानी विवाद पर पूछे गए सवाल का बेबाकी से जवाब देते हुए मंत्री मिथलेश तिवारी ने कहा कि नीरज कुमार लगातार चुनाव जीतते आए हैं और इस बार भी उनकी जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी बोलने की आजादी है, लेकिन जो लोग पार्टी लाइन से हटकर बयानबाजी कर रहे हैं या बागी रुख अपना रहे हैं, उन्हें चुनाव परिणाम आने के बाद अपनी जमीनी हकीकत का अंदाजा खुद-ब-खुद हो जाएगा।
प्रशांत किशोर पर बड़ा तंज
बिहार की राजनीति में तीसरे विकल्प के रूप में उभरने का दावा कर रहे प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि बड़ी-बड़ी बातें करना आसान है, लेकिन धरातल पर काम करना अलग बात है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि प्रशांत किशोर आज दावे भले ही कर लें, लेकिन 2029 तक वह भारतीय राजनीति में कहां रहेंगे, इसका अंदाजा उन्हें खुद भी नहीं है। जनता का विश्वास केवल काम करने वाली सरकार पर होता है, चुनावी हवा बनाने वालों पर नहीं।
बिहार में सुशासन की सरकार
राज्य में घटी दो प्रमुख आपराधिक घटनाओं पर संवेदना और कड़ा रुख जताते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि ये घटनाएं निस्संदेह अत्यंत दुखद हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि बिहार में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सुशासन की सरकार चल रही है। राज्य प्रशासन और पुलिस को खुली छूट दी गई है ताकि वे कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई कर सकें। मंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अब बिहार में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है; कानून तोड़ने वालों का असली ठिकाना अब कब्र ही होगा।
विपक्ष पर षड्यंत्र का आरोप
अंत में, विपक्ष पर हमला बोलते हुए मिथलेश तिवारी ने कहा कि राज्य की शांति और विकास से कुछ राजनीतिक दलों को परेशानी हो रही है। विपक्ष केवल सरकार की छवि को धूमिल करने और राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए इन घटनाओं का सहारा ले रहा है। लेकिन बिहार की जनता समझदार है और वह विकास व सुशासन के साथ खड़ी रहेगी।

