पंकज श्रीवास्तव, छपरा। सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में दाउदपुर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले की गंभीरता को देखते हुए सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार आज सोमवार की शाम एकमा थाना पहुंचे, जहां उन्होंने मामले को लेकर चल रही जांच की समीक्षा की। इसके बाद डीआईजी ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। वहीं, पुलिस अधिकारियों से घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

पत्रकारों से बातचीत में डीआईजी नीलेश कुमार ने बताया कि, मामले में अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले के उद्भेदन के लिए सदर-2, एकमा एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण करा लिया गया है तथा मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुई एफआईआर

गौरतलब है कि एकमा थाना क्षेत्र में कल रविवार को नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पोक्सो एक्ट एवं बीएनएस की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने रविवार रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया था और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसआईटी गठित की गई थी।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

बता दें कि आज सोमवार सुबह एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस द्वारा पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिसम्मत एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता की पहचान की गोपनीयता बनाए रखते हुए पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: परीक्षा देने आए छात्र की चाकू मारकर हत्या, गांव का युवक ही निकला हत्यारा