भुवनेश्वर: 2015 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. सरवण विवेक एम ने शुक्रवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के नए पुलिस उपायुक्त (DCP) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने आईपीएस जगमोहन मीणा का स्थान लिया है, जिनका सरकारी सेवा से इस्तीफा हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा स्वीकार किया गया था।

ओडिशा गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के बाद सरवण विवेक एम ने राजधानी की कानून-व्यवस्था की कमान संभाल ली है। इससे पहले वह ब्रह्मपुर (बेरहामपुर) के पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में कार्यरत थे। ब्रह्मपुर में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जटिल अपराधों पर अंकुश लगाने और साहसिक पुलिसिंग अभियानों के लिए विशेष पहचान बनाई थी।

तमिलनाडु से एमबीबीएस (MBBS) स्नातक डॉ. सरवण विवेक इससे पहले रायगड़ा के एसपी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व डीसीपी जगमोहन मीणा (2013 बैच आईपीएस) ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया था। केंद्र गृह मंत्रालय और राष्ट्रपति द्वारा 11 सितंबर से उनका इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद राज्य सरकार ने नए डीसीपी की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की।

भुवनेश्वर के नए पुलिस प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद सरवण विवेक एम के कंधों पर शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारी सीजन (दुर्गा पूजा) के दौरान शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि राजधानी में नागरिकों की सुरक्षा और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H