अविनाश श्रीवास्तव/ सासाराम। रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन के समीप पाली पुल के पास एक पुरुष और एक महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है।
डीएफसीसी रूट पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह घटना डेहरी-गया रेल खंड पर स्थित ‘डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर’ (DFCC) लाइन पर हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ने तेज रफ्तार मालगाड़ी के सामने आकर जान दे दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि
मृतक पुरुष की पहचान सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के घटमापुर निवासी सुभाष कुमार के रूप में हुई है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष एक कोल्ड ड्रिंक के गोदाम में काम करता था और वह तीन बच्चों का पिता था। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया है।
महिला की पहचान अभी बाकी
युवक के साथ जान देने वाली महिला की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों और थानों में महिला की तस्वीर साझा कर उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। प्रारंभिक दृष्टि में मामला प्रेम-प्रसंग और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी गौर कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम
डालमियानगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और महिला की पहचान होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी कि आखिर किन परिस्थितियों में दोनों ने यह खौफनाक कदम उठाया।

