अविनाश श्रीवास्तव/​सासाराम। बिहार के सासाराम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। बेदा सूर्य मंदिर के समीप सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर से टकराकर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक महिला की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है।

​श्राद्ध कर्म से लौट रहे थे पीड़ित

​प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग वाराणसी से एक रिश्तेदार के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए चौगाई आए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे वापस लौट रहे थे तभी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा सूर्य मंदिर के पास यह हादसा हुआ। कार पलटने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और घायलों की चीख-पुकार से इलाका गूंज उठा। स्थानीय लोगों की मदद और पुलिस की तत्परता से घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकालकर सासाराम के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।

​डिवाइडर बना मौत का जाल

​हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़क पर बनाए गए डिवाइडर सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करते हैं। इन डिवाइडरों पर न तो कोई रिफ्लेक्टर लगा है और न ही रोशनी की कोई व्यवस्था है। सड़क के बीचों-बीच अचानक डिवाइडर शुरू हो जाने के कारण वाहन चालकों को अंधेरे में इसका अंदाजा नहीं मिल पाता। विशेषकर जो लोग बाहरी शहरों से आते हैं, वे इस मौत के जाल का शिकार बन जाते हैं।
​स्थानीय निवासियों का दावा है कि इस क्षेत्र में डिवाइडर के कारण हर सप्ताह दो से तीन गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मांग की है कि इन खतरनाक डिवाइडरों पर तत्काल प्रभाव से रेडियम रिफ्लेक्टर चेतावनी बोर्ड और लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।