अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सासाराम में बुधवार को कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार, भाजपा और आरएसएस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक जोरदार विरोध मार्च निकाला। शहर के प्रमुख गांधी स्मारक चौक से शुरू हुआ यह मार्च मुख्य बाजारों और मार्गों से होते हुए पूरे नगर का भ्रमण किया। इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र की नीतियों और विपक्षी नेताओं पर हो रही कार्रवाई के खिलाफ जमकर अपनी भड़ास निकाली।
उत्तराखंड मामले और खड़गे के अपमान पर फूटा गुस्सा
विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से उत्तराखंड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर दर्ज किए गए मुकदमे और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान का मुद्दा छाया रहा। कांग्रेस नेताओं ने इसे तानाशाही रवैया करार देते हुए केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि विपक्ष की मुखर आवाज को दबाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।


जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पांडे के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
इस पूरे विरोध मार्च का नेतृत्व रोहतास जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पांडे ने किया। उनके साथ पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। मार्च के दौरान पूरा इलाका केंद्र सरकार, भाजपा और आरएसएस विरोधी नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध दर्ज कराया और लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया। प्रदर्शन के अंत में नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विपक्षी नेताओं के खिलाफ ऐसी कार्रवाई बंद नहीं हुई, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।



