अविनाश श्रीवास्तव, सासाराम। बिहार की राजनीति में कैदी की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इसी कड़ी में सासाराम जेल में बंद अमरजीत यादव नामक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के विरोध में जन सुराज के युवा जिलाध्यक्ष बलजीत सिंह यादव ने मोर्चा खोल दिया है। वे न्याय की मांग को लेकर अपने समर्थकों के साथ सासाराम समाहरणालय के समक्ष आमरण अनशन पर बैठ गए हैं।
इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य मृतक अमरजीत यादव की मौत के पीछे की सच्चाई को सामने लाना है। जन सुराज के नेताओं का आरोप है कि जेल प्रशासन की लापरवाही या प्रताड़ना के कारण यह घटना घटी है, जिसकी निष्पक्ष न्यायिक जांच बेहद जरूरी है। अनशन पर बैठे बलजीत सिंह यादव का कहना है कि जब तक प्रशासन इस मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच के आदेश नहीं देता और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका यह शांतिपूर्ण अनशन लगातार जारी रहेगा।
इस प्रदर्शन के दौरान समाहरणालय परिसर में भारी संख्या में समर्थकों की भीड़ जुटी रही, जो प्रशासन विरोधी नारे लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। इस घटना ने स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था और जेल की सुरक्षा पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन इस आमरण अनशन और बढ़ते राजनीतिक दबाव के बाद क्या कदम उठाता है।



