अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम: बिहार के सासाराम में नगर थाना क्षेत्र के नवरत्न बाजार स्थित काजीपुरा मोहल्ले में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। आपसी रंजिश के चलते अभिषेक गोस्वामी उर्फ लल्लू गोस्वामी (उम्र लगभग 30 वर्ष) की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। अपराधियों ने मृतक के सिर में दो से अधिक गोलियां दागीं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुरानी रंजिश और पैसों का विवाद बनी वजह
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और पैसों का लेन-देन मुख्य कारण है। मृतक लल्लू गोस्वामी काजीपुरा में केक और किराना दुकान चलाता था। गौरतलब है कि चार साल पहले हुई भुवर नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में लल्लू गोस्वामी मुख्य आरोपी था और हाल ही में वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। हत्यारा टिंकू सोनी उर्फ अजय सोनी, जो पेशे से आभूषण व्यवसायी है, से उसकी पुरानी अदावत चल रही थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
वारदात की सूचना मिलते ही रोहतास एसपी रौशन कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी टिंकू सोनी के घर को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस बल ने सीढ़ी का उपयोग कर घर के ऊपर चढ़कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पूरे नवरत्न बाजार क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और आसपास के थानों की पुलिस को भी गश्त के लिए लगा दिया गया है।
एसपी का बयान
रोहतास एसपी रौशन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मुख्य हत्यारे टिंकू सोनी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की धर-पकड़ के लिए छापेमारी जारी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद से पूरे शहर में दहशत का माहौल है। प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।

