अनमोल मिश्रा, सतना। सतना जिले के कोठी खेल मैदान में इन दिनों अमर शहीद ठाकुर रणमत सिंह स्मृति कोठी प्रीमियर लीग (KPL) टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-7 का रोमांच चरम पर है। रविवार को प्रतियोगिता के दौरान उस समय मैदान में खास उत्साह देखने को मिला, जब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कोठी थाना प्रभारी की गेंद पर शानदार चौका जड़ दिया। पुलिस अधिकारियों के इस क्रिकेट अंदाज ने मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और हजारों दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
इस प्रतियोगिता में रविवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में एसटीएल की टीम ने एलाइट वॉरियर्स को शिकस्त दी। वहीं दूसरे मुकाबले में टीडी और केजीएन की टीमें आमने-सामने रहीं। टीडी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी केजीएन की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 107 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीडी की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए चार विकेट से जीत दर्ज की। टीडी के खिलाड़ी चंदन सिंह को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
ASP ने जड़ा चौका, थाना प्रभारी की गेंदबाजी बनी आकर्षण
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सतना जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रेमलाल कुर्वे शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापारी संघ कोठी के अध्यक्ष आशीष सोनी ने की। विशिष्ट अतिथियों में कोठी थाना प्रभारी संतोष तिवारी, पार्षद हाजी मोहम्मद इकराम और मध्यप्रदेश शासन के अधिमान्य पत्रकार अनमोल मिश्रा उपस्थित रहे। इस दौरान कोठी थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने गेंदबाजी की कमान संभाली तो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे ने उनकी गेंद पर शानदार चौका जड़कर मैदान में तालियां बटोरीं। इस खास पल ने प्रतियोगिता के माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अनुराग सिंह दादू, शिव वीर सिंह बघेल, कमलेश पाठक, हेमंत तिवारी, अभिनव गौतम, नीतेश त्रिपाठी, अतुल शर्मा, दीपेंद्र सिंह, अमित गुप्ता, अम्बिका सिंह समेत अन्य सदस्य व हजारों की संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। कोठी प्रीमियर लीग सीजन-7 में जहां एक ओर खिलाड़ी अपने खेल से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अतिथियों की सहभागिता प्रतियोगिता के उत्साह को नई ऊंचाई दे रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

