अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश की सतना जिले की सिविल लाइन थाना पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में पिछले 9 वर्षों से फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को पन्ना से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी रजीम खान, निवासी आगरा मोहल्ला पन्ना, को पुलिस टीम ने दबिश देकर हिरासत में लिया। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें: नर्मदा, क्षिप्रा और चंबल में मिला सीवेज का गंदा पानी! CS की रिपोर्ट देख NGT सख्त, कलेक्टर्स को दी जिम्मेदारी

शादी के बाद भी प्रताड़ित कर रहा था आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला और आरोपी रजीम खान की पहले से जान-पहचान थी। महिला का विवाह हो जाने के बाद भी आरोपी उसे लगातार परेशान और प्रताड़ित कर रहा था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व में आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया था। इसके बाद उसके विरुद्ध दुष्कर्म की धाराओं में भी प्रकरण दर्ज किया गया। मामला दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया था और 9 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था।

ये भी पढ़ें: तहसीलदार के नाम पर जमीन का खेल: फर्जी हस्ताक्षर कर पट्टा बनवाने 9 किसानों से वसूले 2 लाख, 2 युवकों के खिलाफ FIR दर्ज

पन्ना में दबिश देकर पुलिस ने दबोचा

सिविल लाइन थाना पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि आरोपी रजीम खान पन्ना के आगरा मोहल्ला स्थित अपने ठिकाने पर छिपा हुआ है। सूचना की तस्दीक होते ही पुलिस टीम ने तुरंत पन्ना पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया, जिसके बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m