अनमोल मिश्रा, सतना। Satna District Hospital : जिला अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए इस्तेमाल होने वाले ऑपरेशन थिएटर और एनेस्थिसियोलॉजी विभाग के कमरों की हालत को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अस्पताल में एनेस्थिसियोलॉजी विभाग के PAC कम PG ड्यूटी रूम की फॉल्स सीलिंग अलग-अलग स्थानों पर दो बार गिर चुकी है। शिकायत में बताया गया है कि फॉल्स सीलिंग के ऊपर छत की स्थिति भी खराब है और वहां पानी जमा होने तथा सीलन के कारण कभी भी बड़ा हिस्सा गिरने का खतरा बना हुआ है।

इधर मेजर OT-1 की छत से गंदा सीपेज का पानी टपकने की समस्या सामने आई है। पानी ऑपरेशन थिएटर के अंदर गिरने के कारण संक्रमण का खतरा देखते हुए OT-1 को बंद कर दिया गया है। फिलहाल मेजर OT-3 में ऑपरेशन किए जा रहे हैं। सवाल यह है कि जिस स्थान पर मरीजों की जिंदगी बचाने के लिए सर्जरी होती है, वहां छत से गंदा पानी टपकने की स्थिति आखिर कैसे बनी रही।

ऑपरेशन के दौरान पानी टपका तो संक्रमण का खतरा

मेजर OT में ऑपरेशन के दौरान छत से सीपेज का पानी टपकना गंभीर स्थिति मानी जा रही है। पानी के संपर्क से ऑपरेशन क्षेत्र और उपकरणों के संक्रमित होने का खतरा रहता है। इससे मरीजों में संक्रमण की आशंका बढ़ सकती है। वहीं यदि फॉल्स सीलिंग या छत का कमजोर हिस्सा अचानक गिरता है तो मरीजों के साथ डॉक्टर, एनेस्थीसिया टीम और अन्य OT स्टाफ भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।

दो बार गिर चुकी है  सीलिंग

एनेस्थिसियोलॉजी विभाग के PAC कम PG ड्यूटी रूम को लेकर की गई शिकायत में बताया गया है कि फाल सीलिंग पहले भी दो अलग-अलग स्थानों पर गिर चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से दोबारा गिरने का खतरा बना हुआ है। खास बात यह है कि PAC रूम में मरीजों की प्री-एनेस्थीसिया जांच और विभागीय कामकाज होता है।

OT-1 बंद, अब OT-3 पर बढ़ा दबाव

मेजर OT-1 बंद होने के बाद ऑपरेशन का काम मेजर OT-3 में किया जा रहा है। इससे OT-3 पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की स्थिति भी बन सकती है। अस्पताल प्रबंधन के सामने अब एक तरफ ऑपरेशन सेवाओं को सुचारू रखने की चुनौती है तो दूसरी तरफ मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के लिए भवन की खराब स्थिति को तत्काल ठीक कराने की जरूरत है।

इस मामले में सिविल सर्जन डॉ अमर सिंह ने बताया कि एनेस्थीसिया विभाग से शिकायत मिलने के बाद छत की रिपेयरिंग के लिए पत्र लिखा गया है। जल्द ही सुधार हो जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m