अनमोल मिश्रा, सतना। सतना में घर, नौकरी और बेहतर स्वास्थ्य का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में कोलगवां थाना पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला टिकुरिया टोला क्षेत्र का है।

हंगामे के बाद पहुंची थी पुलिस

दोपहर धर्म परिवर्तन की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के बयान के बाद मकान से कई लोगों को हिरासत में लिया था। पुलिस के मुताबिक बजरंग कॉलोनी-टिकुरिया टोला निवासी जगविजय उर्फ जग्गी वर्मा (25) पिछले कुछ समय से बीमारी, बेरोजगारी और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहा था। करीब 15 दिन पहले वह अपने परिचित कंचन महतो निवासी बजरहा टोला से मिलने गया था। बातचीत के दौरान कंचन ने उसे रेनू समुद्रे निवासी टिकुरिया टोला से मिलने की सलाह दी और कहा कि वह उसकी समस्याओं का समाधान कर सकती है।

प्रार्थना में शामिल होने की दी सलाह

जगविजय के अनुसार कंचन उसे रेनू के घर ले गया। वहां रेनू ने उसे ईसाई धर्म अपनाने और नियमित प्रार्थना में शामिल होने की सलाह दी। युवक नौकरी और घर मिलने की उम्मीद में उसकी बताई बातों का पालन करने लगा। हालांकि, उसे कोई लाभ नहीं मिला।

दोबारा मिलने पर कथित तौर पर बनाया दबाव

रविवार को जगविजय दोबारा रेनू से मिला। आरोप है कि इस दौरान रेनू, कंचन महतो और ईशू समुद्रे ने उससे कहा कि जब तक वह ईसाई धर्म नहीं अपनाएगा, तब तक न स्वास्थ्य सुधरेगा, न नौकरी मिलेगी और न ही उसे अपना घर मिल सकेगा। धर्म परिवर्तन करने पर ये सुविधाएं मिलने की बात कही गई।

शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

प्रस्ताव गलत लगने पर युवक ने विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों से संपर्क किया और उनके साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच और बयान के बाद मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम-2021 की धारा 3 और 5 के तहत रेनू समुद्रे, कंचन महतो और ईशू समुद्रे के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m