अनमोल मिश्रा, सतना। एमपी के सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र के कृष्णनगर स्थित सरस्वती विद्यालय में फीस को लेकर प्राचार्य मुद्रिका प्रसाद दुबे पर अनाथ छात्रा के साथ अभद्रता और मारपीट कर कक्षा से बाहर निकाल देने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर बीएनएस की धारा 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि पीडि़ता नाबालिग और उसका भाई सरस्वती स्कूल में 10वीं कक्षा में अध्ययनरत हैं। दोनों के माता-पिता का कुछ साल पहले निधन हो चुका है, वे अपने चाचा के साथ रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।  

क्या है शिकायत?

पुलिस को दिए बयान में पीडि़त छात्रा ने बताया कि विद्यालय के पूर्व प्राचार्य ने परिवारिक स्थिति को देखते हुए फीस माफ करते हुए कहा था कि जब तक विद्यालय में पढ़ोगी, तब तक फीस नहीं लगेगी, लेकिन इस सत्र में नए प्राचार्य आ गए, जिन्होंने फीस जमा नहीं करने पर स्कूल में प्रवेश रोक देने की बात कही। 

5 अगस्त की दोपहर को तकरीबन 1 बजे जब वह विद्यालय पहुंची तो वर्तमान प्राचार्य ने क्लास से बाहर निकाल दिया। ऐसे में वह बात रखने के लिए कार्यालय गई तो हाथ-मुक्का से मारपीट कर दी, जिससे नाक से खून निकलने लगा और दाहिने हाथ में चोट आ गई। यह भी आरोप है कि पीडि़त छात्रा काफी देर तक बेहोशी की हालत में स्कूल गेट के सामने पड़ी रही, मगर उसे इलाज के लिए नहीं भेजा गया।  

विद्यालय प्रबंधन ने भी दर्ज कराई शिकायत

वहीं इस मामले में विद्यालय प्रबंधन की तरफ से कोलगवां थाने में लिखित शिकायत की गई है, जिसमें छात्रा के चाचा पर प्राचार्य कार्यालय में पहुंचकर हंगामा और अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में कहा गया है कि छात्रा और उसके एक भाई की पिछले सत्र और वर्तमान सत्र की कुल 58 हजार 930 रुपए का शुल्क बकाया है, जिसके संबंध में कई बार उनके अभिभावकों को सूचित किया गया, लेकिन फीस जमा करने के बजाय अनुचित व्यवहार किया जाता है। उक्त शिकायत पर पुलिस जांच में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m