गाजियाबाद. दिल्ली के जंतर-मंतर जा रहे युवकों के साथ कथित मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद निवासी सत्यम पंडित पुलिस की जांच के दायरे में आ गया है. पुलिस वायरल वीडियो के साथ-साथ उसके अन्य विवादित सोशल मीडिया पोस्ट और आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें- भाजपा ने शिक्षा व्यवस्था चौपट कर दी, विपक्ष शिक्षा बचाने के लिए एकजुट- अखिलेश यादव
जंतर-मंतर जा रहे छात्रों से मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में खुद को राष्ट्रीय हिंदू वीर सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाले सत्यम पंडित पर आंदोलन में शामिल होने जा रहे छात्रों के साथ मारपीट और अभद्रता करने का आरोप है. पीड़ित छात्र का कहना है कि 23 जुलाई को वह अपने दोस्त के साथ गुरुद्वारे से लौट रहा था, तभी सत्यम पंडित और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया.
पीड़ित छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप
छात्रों का आरोप है कि उनकी गाड़ी में पांच से छह लोग मौजूद थे. इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट भी की गई. पीड़ित का दावा है कि मौके पर पुलिस मौजूद होने के बावजूद उन्हें तत्काल मदद नहीं मिल सकी. इन आरोपों की जांच की जा रही है.
विवादित वीडियो और पुराने मामलों की भी जांच
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि मारपीट का वायरल वीडियो दिल्ली का है. इसके अलावा कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस ड्यूटी को लेकर किए गए विवादित सोशल मीडिया पोस्ट समेत अन्य वीडियो की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें- बस बहुत हुआ! बिजली कटौती से व्यापारी बेहाल, फूटा गुस्सा, विद्युत विभाग दफ्तर पहुंचकर दे डाली चेतावनी
पहले भी विवादों में रह चुका है नाम
पुलिस के मुताबिक, सत्यम पंडित के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं. साल 2024 में कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई थी. वहीं, फरवरी 2026 में मीट विक्रेताओं से कथित मारपीट के मामले में भी उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गई थी. फिलहाल वायरल वीडियो की जांच जारी है.


