Odisha Desk, कोरापुट: ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहीम के तहत विजिलेंस विभाग को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। विजिलेंस अधिकारियों ने कोरापुट जिले के कोटपाड़ ब्लॉक में तैनात सहायक कार्यकारी अभियंता (AEE) सत्यनारायण सेठी को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार कर लिया है।

खबरों के मुताबिक, आधिकारिक कार्रवाई पूरी होने के बाद सेठी को आज जयपुर स्थित विशेष विजिलेंस न्यायाधीश की अदालत में पेश किया जाएगा।

विजिलेंस विभाग को लंबे समय से इंजीनियर सत्यनारायण सेठी के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं। पुख्ता जानकारी के बाद जब अधिकारियों ने उनके ठिकानों पर सघन तलाशी ली, तो करोड़ों रुपये की ऐसी संपत्ति का खुलासा हुआ, जिसका वे कोई संतोषजनक या कानूनी स्रोत नहीं बता सके।

विजिलेंस की जांच में जो बेहिसाब दौलत सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है-

प्लॉट और फ्लैट: सेठी के पास 17 बेनामी सहित कुल 49 बेशकीमती जमीन के प्लॉट हैं। इसके अलावा 2 आलीशान फ्लैट भी मिले हैं, जिनमें से 1 बेनामी है।

विशाल फार्महाउस: आम और यूकेलिप्टस के बागानों से घिरे 14 एकड़ में फैले 3 बड़े फार्महाउस का पता चला है।

सोना और चांदी: तलाशी के दौरान लगभग 940 ग्राम सोने के आभूषण और करीब 2.5 किलोग्राम चांदी बरामद की गई है।

कैश और बैंक डिपॉजिट: घर से 5.48 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है, साथ ही विभिन्न खातों में 60.92 लाख रुपये से अधिक का बैंक डिपॉजिट मिला है।

लक्जरी गाड़ी: एक बेनामी चार पहिया वाहन (टाटा हैरियर) भी जब्त किया गया है।

इस बड़ी बरामदगी के बाद कोरापुट विजिलेंस ने आरोपी इंजीनियर सत्यनारायण सेठी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 (Prevention of Corruption Act, 2018) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m