कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास (Saurav Das) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) पर निशाना साधते हुए तंज कसा है। उन्होंने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के बीच प्रस्तावित बहस के मुद्दे पर मुख्यमंत्री की भूमिका को लेकर कटाक्ष किया है। दरअसल, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है। राहुल गांधी की इस चुनौती के बाद कांग्रेस नेता लगातार बयान दे रहे हैं और भाजपा पर इस मुद्दे पर जवाब देने से बचने का आरोप लगा रहे हैं। सौरभ दास ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर व्यंग्य करते हुए कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को संसद में बहस के लिए बुला रही हैं।
सौरभ दास ने सोशल मीडिया पर लिखा, “दिल्ली की सीएम लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष को उनके साथ बहस करने के लिए संसद में आने की चुनौती दे रही हैं…।” उन्होंने आगे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधते हुए लिखा, “रेखा जी, आपको दिल्ली की विधानसभा में बैठना होता है।”
क्या बोली थीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को संबोधित करते हुए लिखा, “राहुल गांधी जी खुली चुनौती है। संसद में आएं और बहस करें।” उन्होंने कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए आपातकाल और 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि 1975 में राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाया था, विपक्षी नेताओं को जेल भेजा था और प्रेस पर प्रतिबंध लगाए थे।
रेखा गुप्ता ने आगे 1984 की घटनाओं का जिक्र करते हुए लिखा कि उस समय राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे और दिल्ली में हजारों सिखों की हत्या हुई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी इस विरासत से बच नहीं सकती। मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट के अंत में लिखा, “2014, 2019, 2024 तीन कार्यकाल। चौथा आपके लिए सबसे बड़ा बुरा सपना होगा। भागना मत। संसद, नई दिल्ली।”
सौरभ दास ने क्यों कसा तंज?
रेखा गुप्ता के इस बयान पर कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “दिल्ली की सीएम लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष को उनके साथ बहस करने के लिए संसद में आने की चुनौती दे रही हैं…।” उन्होंने आगे तंज कसते हुए लिखा, “रेखा जी, आपको दिल्ली की विधानसभा में बैठना होता है।”
राहुल गांधी ने PM मोदी को दी खुली बहस की चुनौती
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को सार्वजनिक मंच पर बहस करने की चुनौती देते हुए कहा है कि वह किसी भी जगह और किसी भी मंच पर चर्चा के लिए तैयार हैं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “24 घंटे हो गए मोदी जी। मैंने आपको चैलेंज दिया है। आप कहते हो कि विपक्ष देशद्रोही है। किसी भी स्टेज पे आप जगह चुनिए, डिबेट कीजिए मेरे साथ। देशद्रोही कौन है? विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है? और किस प्रकार का कनेक्शन है? जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत।” उन्होंने बहस का प्रारूप भी सुझाया। राहुल गांधी ने कहा कि इस चर्चा में दोनों नेता आमने-सामने बैठेंगे और वहां मीडिया के साथ देश के युवा भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने आगे लिखा, “दोनों मिलेंगे, मीडिया होगी, देश के युवा होंगे, टेबल होगी, एक साइड आप बैठोगे, एक साइड मैं बैठूंगा। जिसको आप जज बनाना चाहते हो, बना दो। मोहन भागवत जी को बिठा दो, चलो। और फिर डिबेट करते हैं।”
इन मुद्दों पर चर्चा कराने का दावा
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “सवाल उठेंगे फाइनेंशियल सिस्टम पर, फाइनेंशियल स्ट्रक्चर पर, US डील कैसे हुई, क्यों हुई, इतनी जल्दी क्यों हुई, सिर्फ आपने क्यों की, कैबिनेट को क्यों नहीं बताया, अडानी का केस बंद क्यों हुआ, एपस्टीन। ऐसी बहुत सारी चीजें हैं जिनपर खुलकर डिस्कशन होगा।” राहुल गांधी ने इन मुद्दों पर प्रधानमंत्री के साथ आमने-सामने बैठकर चर्चा करने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि बहस में सभी सवालों पर खुलकर बातचीत होनी चाहिए।
मानहानि के मुकदमों को लेकर भी कसा तंज
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को चुनौती देते हुए अपने खिलाफ दर्ज मानहानि के मुकदमों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “आ जाइए, डरिए मत। दूध का दूध, पानी का पानी कीजिए। आप एलिगेशन लगाते हैं ना मेरे ऊपर, आ जाइए, सब साफ हो जाएगा। बाकी चीजों पे आपने मानहानि केस लगा रखा है, शायद 45 मानहानि केस मेरे ऊपर हैं।” उन्होंने आगे कहा कि विदेशी कनेक्शन से जुड़े आरोपों को लेकर प्रधानमंत्री की ओर से मानहानि का मुकदमा क्यों नहीं किया जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा, “मगर इस डिबेट मामले पर, विदेशी कनेक्शन पर आप मानहानि नहीं लगा रहे हो। लगाइए ना, वहां भी डिस्कस करेंगे, खुल के। ये सब डिस्कस करते हैं, आइए।”
अदालतों पर टिप्पणी को लेकर भी चर्चा में सौरभ दास
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास हाल के दिनों में अदालतों की टिप्पणियों को लेकर भी सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई थी, जिसमें हवाई किराये में बढ़ोतरी को लेकर सवाल उठाने के संदर्भ में यात्रियों को यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

