MP Morning News: संजय पाटीदार, भोपाल। सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में आस्था की भीड़ उमड़ पड़ी है। श्रद्धालु सुबह से मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। शिवलिंग पर जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर रहे हैं। शिव मंदिर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे। सावन सोमवार को लेकर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार किया गया हैं।

MP के प्रोडक्ट को दुनिया में मिलेगी पहचान

मध्य प्रदेश के प्रोडक्ट को अब दुनिया में पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज छोटे उद्यमियों को बड़ी सौगात देंगे। देश के प्रथम PSU स्वामित्व वाले ONDC आधारित ODOP केंद्रित मल्टीसेल्यूलर ई-कॉमर्स वेबसाइट का लोकार्पण करेंगे। सीएम ई-कॉमर्स वेबसाइट www.odopmartmp.com का लोकार्पण करेंगे।

सीएम के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर दौरे पर रहेंगे। वे सुबह जबलपुर के रांझी पहुंचेंगे। जहां संस्कार कांवड़ यात्रा में शामिल होंगे। जबलपुर से आगर मालवा की कलश यात्रा कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे। दोपहर 1.25 बजे रविंद्र भवन में अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 2.20 बजे कुशाभाऊ ठाकरे हॉल पहुंचेंगे। जहां राज्य स्तरीय बुनकर-शिल्पी सम्मान और वेब कॉमर्स पोर्टल का लोकार्पण करेंगे। शाम को मंत्रालय में स्वतंत्रता दिवस और अन्य पर्वों के आयोजन को लेकर बैठक करेंगे।

कॉलेजों में एडमिशन के लिए अतिरिक्त सीएलसी राउंड

मप्र के कॉलेजों में प्रवेश के लिए रिक्त सीटों पर अतिरिक्त सीएलसी राउंड होगा। 10 अगस्त से 14 अगस्त तक अतिरिक्त सीएलसी राउंड आयोजित किया जाएगा। इसमें पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रवेश मिलेगा। इस दौरान सभी निजी और सरकारी कॉलेजों में हेल्प डेस्क बनेगी। प्रवेश के बाद तत्काल फीस जमा करवानी होगी। ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया होगी।

जोहिला डैम के 5 गेट खोले गए

उमरिया जिले के पाली क्षेत्र स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के लिए बने जोहिला डैम का जलस्तर बढ़ गया है। इसे देखते हुए डैम के 5 गेट खोल दिए गए है। 1967 क्यूबिक मीटर पानी छोड़ा जा रहा है। 1810 हैक्टेयर में फैले जोहिला डैम की जलभराव क्षमता 181 मिलियन क्यूबिक मीटर है। वर्तमान में जोहिला डैम में 170 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m