रांची। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर झारखंड के सरकारी स्कूलों में तीन दिवसीय ‘खेलेगा भारत-जीतेगा भारत’ अभियान आयोजित किया जाएगा। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के निर्देश के बाद 28 से 30 अगस्त तक विभिन्न खेल गतिविधियां कराने का आदेश जारी किया है।

रक्षाबंधन पर भी स्कूल खोलने का निर्देश
अभियान के तहत 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवकाश के बावजूद स्कूल खुले रहेंगे। विभाग के निर्देश के अनुसार स्कूलों का संचालन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए खेलकूद से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

शिक्षकों ने जताया विरोध
रक्षाबंधन जैसे अवकाश के दिन स्कूल खोलने के फैसले को लेकर शिक्षकों में नाराजगी है। शिक्षकों ने विभाग के इस निर्देश का विरोध करते हुए छुट्टी के दिन स्कूल संचालित करने के फैसले पर सवाल उठाए हैं।

30 अगस्त तक चलेंगी खेल गतिविधियां
विभाग के निर्देश के अनुसार 28, 29 और 30 अगस्त तक स्कूलों में अलग-अलग खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ना और उनमें खेल भावना को बढ़ावा देना बताया गया है।