पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नारायण से नामुंडा नहर के पुल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में एक स्कूटी और हथियार पड़े मिले। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और सीआईए की टीम मामले की गहन जांच में जुट गई है।
चालू हालत में मिली स्कूटी और हथियार
जानकारी के अनुसार, डिंडार की तरफ जाने वाले रास्ते पर नहर किनारे एक काली इलेक्ट्रिक स्कूटी चालू हालत में खड़ी मिली, जिसमें चाबी भी लगी हुई थी। स्कूटी का मुंह गन्नौर की तरफ था। स्कूटी के पास ही एक लाइसेंसी रिवाल्वर और कुछ चले हुए कारतूस मिलने से किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। मौके पर सैर के लिए निकले एक राहगीर ने इसकी सूचना तत्काल डायल 112 को दी।
बैग में मिली 12वीं कक्षा की किताबें
घटना की गंभीरता को देखते हुए समालखा थाना प्रभारी दीपक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान घटनास्थल से एक छात्र का बैग भी बरामद हुआ है, जिसमें 12वीं कक्षा की किताबें रखी हैं। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि स्कूटी सवार कोई छात्र हो सकता है। चले हुए कारतूस और ऑन स्कूटी मिलने के कारण पुलिस इसे आत्महत्या के प्रयास या किसी अन्य आपराधिक वारदात से जोड़कर देख रही है।
नहर में सर्च अभियान शुरू
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीआईए-1 की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस अब स्कूटी के नंबर और रिवाल्वर के लाइसेंस के आधार पर उनके मालिक की पहचान करने में जुटी है। इस बीच, पुलिस ने आशंका जताई है कि स्कूटी सवार व्यक्ति नहर में कूद गया होगा, जिसके चलते नहर में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौके से मिले सभी सामान को कब्जे में ले लिया गया है। गुमशुदगी की रिपोर्ट और स्कूटी के दस्तावेजों के जरिए पहचान की जा रही है। आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जारी है ताकि जल्द से जल्द व्यक्ति का पता लगाया जा सके।

