अनमोल मिश्रा, सतना। जिले के कोटर थाना क्षेत्र के कैमरी पहाड़ स्थित खनन लीज क्षेत्र में मंदिर निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, लीज क्षेत्र में निर्माण कार्य रोकने पहुंची पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों ने अभद्रता की। इस दौरान शासकीय वाहनों में पथराव किए जाने का भी आरोप है। घटना शुक्रवार की शाम की है। इस मामले का एक वीडियो भी शनिवार की देर शाम सामने आया है। मामले में कोटर थाना पुलिस ने सात नामजद सहित दो दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, पथराव, गाली-गलौज और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
56 एकड़ की खदान का 50 वर्ष का खनन पट्टा
दरअसल कैमरी पहाड़ स्थित 56 एकड़ की खदान का 50 वर्ष का खनन पट्टा गैवीनाथ माइंस एंड मिनरल्स के नाम स्वीकृत है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को कुछ ग्रामीण लीज क्षेत्र के अंदर एक टीले पर मंदिर निर्माण के लिए पहुंचे थे। इसकी सूचना मिलने पर डायल-112 के साथ आरक्षक अभय सिंह मौके पर पहुंचे। मगर ग्रामीण उनसे अभद्रता करने लगे। स्थिति बेकाबू होते देख कांस्टेबल ने थाने को सूचना दी। लिहाजा अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। पुलिस का आरोप है कि समझाइश के दौरान कुछ लोगों ने गाली गलौच करते हुए पुलिसकर्मियों से झुमाझटकी की, जिसके बाद पुलिस दल को वहां से हटना पड़ा।
उसी स्थान पर मंदिर निर्माण की मांग पर अड़े
लौटने के दौरान वाहनों में पथराव किया गया। जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। उधर, शनिवार को खनिज विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्वीकृत लीज क्षेत्र का सीमांकन कर ग्रामीणों से मंदिर निर्माण के लिए वैकल्पिक स्थान चुनने का आग्रह किया। हालांकि ग्रामीण उसी स्थान पर मंदिर निर्माण की मांग पर अड़े रहे। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है।
आदिवासियों को आगे कर विवाद
पुलिस और प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है। वहीं कुछ स्थानीय लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय प्रभावशाली लोग आदिवासियों को आगे कर इस तरह का विवाद आए दिन करवा रहे है जिससे खनन कारोबारियों के सामने समस्याएं खड़ी हो रही है। पता चला है कि ये वही लोग है जो लीज स्वीकृत होने से पहले अवैध उत्खनन कर सरकारी खजाने को चोट पहुंचा रहे थे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

