प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर गुजरात के एकता नगर स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर देश को बांटने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब ‘विरोध पक्ष’ नहीं, बल्कि ‘अवरोध पक्ष’ बन गया है। प्रधानमंत्री ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताया।
PM मोदी का विपक्ष पर निशाना, विदेश यात्राओं को लेकर उठाए सवाल
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि विदेशों में गुपचुप तरीके से कौन किससे मिल रहा है और भारत विरोधी ताकतें किसे समर्थन दे रही हैं। राहुल गांधी की विदेश यात्राओं की ओर परोक्ष इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि देश को ऐसी ताकतों के खिलाफ एकजुट रहने की जरूरत है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने और भारत की छवि खराब करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि देश को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहना जरूरी है।
‘दिमागी नक्सलियों’ को लेकर भी चेताया
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद और माओवाद के खिलाफ लड़ाई में देश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है, लेकिन ‘दिमागी नक्सलियों’ का खतरा अब भी बना हुआ है। उन्होंने घुसपैठ रोकने, सीमाओं को सुरक्षित करने और पंथनिरपेक्ष नागरिक संहिता की दिशा में आगे बढ़ने को भारत के अगले बड़े कदमों में शामिल बताया।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में पीएम मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 550 से अधिक रियासतों को एकजुट कर पटेल ने भारत की एकता की मजबूत नींव रखी थी। प्रधानमंत्री ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘विकसित भारत’ को देश के प्रमुख लक्ष्य बताया।
गरीबी और वैश्विक ऊर्जा संकट पर क्या बोले PM मोदी?
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पिछले 10 से 12 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं और अत्यधिक गरीबी की दर घटकर 3 प्रतिशत से नीचे पहुंच गई है। वैश्विक युद्धों और ऊर्जा संकट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने चुनौतियों के बावजूद अपनी क्षमता का परिचय दिया है। उनके मुताबिक, राष्ट्रीय एकता और सामूहिक संकल्प ही भारत को भविष्य की चुनौतियों से निपटने की ताकत देंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

