अनिल मालवीय, ​सीहोर। सीहोर जिले के रोला गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से अचानक हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे लहूलुहान हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है।

​अचानक हुआ हमला, दहशत में परिवार

पीड़ित परिवार के अनुसार, बिजोरी गांव के कुछ ग्रामीणों ने पुरानी रंजिश और जमीन पर कब्जे की नीयत से अचानक उन पर हमला बोल दिया। हमले के समय परिवार कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई परिवार की महिला पर भी बेरहमी से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गई।

​पुलिस प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल

घटना से आक्रोशित पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पहले भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन समय रहते पुलिस द्वारा कोई उचित कदम नहीं उठाया गया। पुलिस की इस निष्क्रियता के कारण ही आरोपियों के हौसले बुलंद हुए और उन्होंने इस वारदात को अंजाम दे दिया।

​गांव में तनाव, कड़ी कार्रवाई की मांग

घटना के बाद से रोला गांव में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि परिवार को सुरक्षा मिल सके। फिलहाल घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m