अनिल मालवीय, ​सीहोर। सीहोर जिले में आखिरकार सर्दी की आहट महसूस होने लगी है। रविवार की सुबह जिले के लोगों ने इस सीजन का पहला हल्का कोहरा देखा। सुबह-सुबह चारों तरफ धुंध की हल्की चादर लिपटी नजर आई, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई है। सुबह की इस सुहानी शुरुआत के साथ ही तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे यह साफ हो गया है कि अब धीरे-धीरे गर्मी की विदाई और ठंड का दौर शुरू हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, आज सुबह न्यूनतम तापमान गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो कि इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान माना जा रहा है। वहीं बीते 24 घंटों के दौरान जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में हल्की धूप खिलने के कारण गर्मी का अहसास होता है, लेकिन सुबह और देर रात वायुमंडल में ठंडक बढ़ गई है।

ओस और हल्का कोहरा

​राज्य से दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह विदा हो चुका है और अब उत्तर-पूर्वी तथा उत्तरी दिशा से ठंडी हवाएं आनी शुरू हो गई हैं। अब दिन छोटे और रातें लंबी होने लगी हैं। आसमान साफ रहने के कारण रात के समय धरती की गर्मी तेजी से अंतरिक्ष में लौटती है जिससे सुबह के वक्त तापमान तेजी से गिरता है और नमी के संपर्क में आकर कोहरा या धुंध बनती है।​ सीहोर के खुले मैदानों और ग्रामीण अंचलों में सुबह के वक्त ओस और हल्का कोहरा बनने के लिए अनुकूल परिस्थितियां पैदा होने लगी हैं।

सीहोर में बढ़ेगी सिहरन

​मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में सीहोर के मौसम में ठंडक और अधिक बढ़ेगी। नवंबर के दूसरे सप्ताह से रात और सुबह के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की और कमी देखने को मिल सकती है। दिन का अधिकतम तापमान भले ही 29 के आसपास बना रहे, लेकिन सुबह टहलने निकलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को अब हल्की स्वेटर या जैकेट की जरूरत महसूस होने लगी है। आने वाले कुछ दिनों तक सीहोर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जिससे धूप तेज खिलेगी लेकिन शाम ढलते ही सिहरन बढ़ती जाएगी। ​कुल मिलाकर सीहोरवासियों के लिए अब गुलाबी ठंड का दौर शुरू हो चुका है, जिसका लोग सुबह की सैर के साथ आनंद उठाते नजर आ रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m