अनिल मालवीय, सीहोर। जिले के खामलिया रोड पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक अनियंत्रित टैंकर अचानक सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन टैंकर के पलटते ही उसमें भरा हुआ तेल ऑयल , डामर तेजी से सड़क पर बहने लगा। जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों और वहां से गुजर रहे राहगीरों को टैंकर पलटने और तेल बहने की खबर मिली, मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
डिब्बे और बाल्टियों में तेल भरने की मची होड़
दुर्घटनास्थल पर देखते ही देखते अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपने घरों से डिब्बे, बाल्टियां, खाली बोतलें और पीपे जो हाथ लगा वो लेकर सड़क की ओर दौड़ पड़े। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्चे, महिलाएं और पुरुष सभी बहते हुए काले गाढ़े तेल को बर्तनों में समेटने की जद्दोजहद में जुटे हुए हैं। लोग अपनी जान की परवाह किए बिना पलटे हुए टैंकर के बेहद करीब जाकर तेल इकट्ठा करते नजर आए।
यातायात हुआ प्रभावित
टैंकर के बीच सड़क से हटकर पलटने और भारी भीड़ जमा होने के कारण खामलिया मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और टैंकर को रास्ते से हटाकर आवागमन सुचारू किया जा सके।
इस तरह के हादसों के वक्त ज्वलनशील या रासायनिक पदार्थों के रिसाव के बीच जाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। प्रशासन लगातार लोगों से ऐसे समय पर सावधानी बरतने की अपील करता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

