अनिल मालवीय, सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिला मुख्यालय के समीपवर्ती क्षेत्र सेकड़ा खेड़ी से आवारा कुत्तों के खूंखार आतंक का एक दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां रास्ते से गुजर रहे दो मासूम बच्चों पर आवारा कुत्तों के एक झुंड ने अचानक जानलेवा हमला बोल दिया। कुत्तों ने दोनों बच्चों को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा गुस्सा देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें: YouTube से सीखा नकली नोट छापने का तरीका, दीपावली पर बाजार में खपाने थे 8.71 लाख! 5 गिरफ्तार

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, बमुश्किल बचाई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बच्चे जब रास्ते से गुजर रहे थे, तभी अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उन्हें घेर लिया और उन पर टूट पड़े। बच्चों की चीख-पुकार और रोने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत लाठियां लेकर मौके की तरफ दौड़े। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद कुत्तों को खदेड़कर मासूमों की जान बचाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ग्रामीण समय पर नहीं पहुंचते, तो कोई बहुत बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

जिला अस्पताल में चल रहा इलाज, ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में दोनों घायल बच्चों को सीहोर के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। आवारा कुत्तों के काटने से बच्चों के शरीर पर गहरे जख्म आए हैं, और इस भयानक हमले के बाद से वे बेहद डरे और सहमे हुए हैं।

ये भी पढ़ें: मंत्री का भतीजा बताकर SDOP को दी चेतावनी; ‘मैं कोई मामूली आदमी नहीं…’ कहते हुए युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि सीहोर शहर सहित ग्रामीण इलाकों में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक चरम सीमा पर है। सड़कों, चौराहों और गलियों में कुत्तों के झुंड हर तरफ घूमते नजर आते हैं, जिससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों का पैदल निकलना दूभर हो गया है। गुस्साए ग्रामीणों ने नगर पालिका और जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल विशेष मुहिम चलाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m