अजयारविंद नामदेव, शहडोल। दीपावली के पावन पर्व पर बाजारों में जहां एक तरफ असली नोटों की चमक और रौनक बढ़ने वाली थी, वहीं शहडोल जिले में पांच शातिरों ने नकली नोटों का अवैध कारोबार सजाने की खतरनाक तैयारी कर ली थी। आरोपियों ने यूट्यूब से वीडियो देखकर नकली नोट छापने का हुनर सीखा और प्रिंटर की मदद से 500 व 200 रुपये के जाली नोट तैयार कर डाले। वे करीब साढ़े आठ लाख रुपये की इस फर्जी करेंसी को बाजार में खपाने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले कि उनके नापाक मंसूब कामयाब होते, शहडोल पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।
ये भी पढ़ें: हाथी के बाद अब मादा तेंदुए की मौत; जंगलों की कटाई से बिगड़ता संतुलन और इंसानी बस्तियों में बढ़ती दस्तक से फैली दहशत
यूट्यूब से आइडिया लेकर दुकान को बनाया नकली नोट छापने का अड्डा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड अरविंद सिंह निवासी अर्जुली है। अरविंद ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर नकली नोट छापने की तकनीक सीखी और अपनी ही दुकान को जाली करेंसी छापने का ठिकाना बना लिया। इस अवैध काम में उसका साथी शरद सिंह मरावी निवासी नागूला, राजेंद्रग्राम भी पूरी तरह शामिल था। दोनों मिलकर रंगीन प्रिंटर से 500 और 200 रुपये के धड़ल्ले से नकली नोट छाप रहे थे। इसके अलावा, मनीष कुमार, अनिल कुमार और नन्हे सिंह मरकाम इन नकली नोटों को खरीदने के लिए पहुंचे थे। इस सनसनीखेज नेटवर्क में अमलाई निवासी रवि सिंह की भूमिका भी सामने आई है, जिसने कथित तौर पर नोट छापने के लिए कलर प्रिंटर उपलब्ध कराया था। खास बात यह है कि इस गिरोह में पकड़े गए आरोपियों में अतिथि शिक्षक और सेल्समैन जैसे पेशों से जुड़े लोग भी शामिल हैं।
खैरहा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8.71 लाख के जाली नोट बरामद
मामले की जानकारी देते हुए शहडोल एसपी डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले में नकली भारतीय करेंसी के अवैध कारोबार के खिलाफ खैरहा पुलिस ने एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम छिरहटी के पास दबिश देकर घेराबंदी की और पांचों आरोपियों को धर दबोचा।
ये भी पढ़ें: शादी के 7 महीने बाद नवदंपति की संदिग्ध मौत; फंदे पर मिला पति का शव, बेड पर अचेत मिली 6 माह की गर्भवती पत्नी
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के 1,702 और 200 रुपये के 101 नकली नोट बरामद किए गए। कुल मिलाकर 8 लाख 71 हजार रुपये की जाली करेंसी पुलिस ने जब्त की है। इसके अलावा, नकली नोट छापने में प्रयुक्त होने वाला कलर प्रिंटर और एक मोटरसाइकिल भी जप्त की गई है। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और गहराई से जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

