परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां कोलारस के SDOP को एक युवक द्वारा धमकाने और अपनी धौंस जमाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक खुद को पूर्व पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री सुरेश राठखेड़ा का भतीजा बताकर पुलिस अधिकारियों को खुली चेतावनी देता नजर आ रहा है, जबकि एसडीओपी उसे कानून का पाठ पढ़ाते दिखाई दे रहे हैं।

ये भी पढ़ें: दिव्यांग बच्चों से हार गए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय! अंताक्षरी में सजी महफिल, बोले- इनकी खुशी के आगे सब मंजूर

फोरलेन जाम के दौरान हुआ था विवाद, आरक्षक से की थी अभद्रता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले कोलारस के पास धाकड़ समाज के एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ था। इस घटना से आक्रोशित धाकड़ समाज के लोगों ने न्याय की मांग को लेकर फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया था। जब पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने और रास्ता खाली कराने का प्रयास कर रहा था, उसी दौरान रिंकू धाकड़ नामक युवक ने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस आरक्षक के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की। बात यहीं खत्म नहीं हुई, इसके बाद युवक ने एसडीओपी संजय मिश्रा के सामने आकर खुद को पूर्व राज्यमंत्री सुरेश राठखेड़ा का भतीजा बताते हुए पुलिस को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे डाली।

SDOP बोले- ‘कानून सबके लिए बराबर है’, मामला दर्ज

वायरल हो रहे वीडियो में एसडीओपी संजय मिश्रा बेहद संयमित अंदाज में युवक को समझाते हुए यह कहते साफ सुनाई दे रहे हैं कि पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करना और कानून व्यवस्था बिगाड़ना बिल्कुल ठीक नहीं है, क्योंकि कानून देश के हर नागरिक के लिए एक बराबर है।

ये भी पढ़ें: शादी के 7 महीने बाद नवदंपति की संदिग्ध मौत; फंदे पर मिला पति का शव, बेड पर अचेत मिली 6 माह की गर्भवती पत्नी

एसडीओपी संजय मिश्रा ने मीडिया को जानकारी दी कि युवक द्वारा पुलिस आरक्षक से अभद्रता करने और पुलिस को धमकाने के मामले में कड़ा संज्ञान लिया गया है। फोरलेन पर अवैध रूप से जाम लगाने, सरकारी काम में बाधा डालने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत रिंकू धाकड़ व अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस घटना के बाद से एक बार फिर यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या किसी राजनेता या पूर्व मंत्री का रिश्तेदार होना कानून से ऊपर होने का लाइसेंस बन जाता है?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m