अनिल मालवीय, सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) के कथित निजीकरण के प्रस्ताव को लेकर छात्रों और युवाओं का आक्रोश फूट पड़ा है। क्रांतिकारी विद्यार्थी संगठन के बैनर तले ITI बचाओ, शिक्षा बचाओ, भविष्य बचाओ के नारे के साथ चकल्दी ITI से एक विशाल तीन दिवसीय पदयात्रा की शुरुआत की गई है। इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के 16 सरकारी ITI संस्थानों को निजी हाथों में सौंपने के कथित फैसले पर तुरंत रोक लगाना है।

ये भी पढ़ें: एजेंट ने डकारीं लोन की किस्तें, खाता होल्ड होने से रुका 9 माह का मानदेय, प्रताड़ना से त्रस्त सरोज कोरी आत्महत्या मामले में FIR

‘किताबों की जगह फीस बोल रही’- छात्र नेताओं का हमला

पदयात्रा की शुरुआत से पहले आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विद्यार्थी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार शिक्षा का व्यवसायीकरण कर इसे बाजार के हवाले कर रही है। नेताओं का कहना है कि जब शिक्षा बिकाऊ हो जाती है तो किताबों की जगह फीस बोलती है और योग्यता के बजाय पैसे से तय होता है कि कौन पढ़ेगा। छात्रों ने इस फैसले को पूरी तरह जन-विरोधी और छात्र-विरोधी करार दिया है।

क्रांतिकारी विद्यार्थी संगठन की 5 मुख्य मांगें:

निजीकरण पर पूर्ण रोक: चकल्दी ITI सहित प्रदेश के सभी 16 सरकारी ITI के निजीकरण और व्यवसायीकरण को तुरंत बंद किया जाए।

चकल्दी ITI का विस्तार: चकल्दी में 6 नए ट्रेड शुरू किए जाएं और स्थानीय स्तर पर अप्रेंटिसशिप सेंटर खोला जाए।

निःशुल्क शिक्षा: KG से PG तक पूरी तरह से निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा लागू हो।

बजट व रिक्त पदों पर भर्ती: सरकारी स्कूल, कॉलेज और ITI को पर्याप्त बजट मिले व सभी रिक्त शिक्षक/प्रशिक्षक पद तुरंत भरे जाएं।

छात्र सुविधाएं: सभी विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति, छात्रावास, पुस्तकें और डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

ये भी पढ़ें: ‘मुझे छोड़ दो मम्मी…!’ रेलवे स्टेशन पर मनचले ने की छेड़छाड़ तो महिला बनी ‘झांसी की रानी’; पीट-पीटकर सिखाया सबक; VIDEO VIRAL

कलेक्टर कार्यालय में महासभा के साथ होगा समापन

तीन दिनों तक चलने वाली यह पदयात्रा जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों से होकर गुजरेगी, जहां छात्र आम जनता को इस मुद्दे के प्रति जागरूक करेंगे। पदयात्रा का समापन कलेक्टर कार्यालय में एक विशाल जनसभा के साथ होगा, जहां आंदोलन की आगामी रणनीति की घोषणा की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m