अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र के ग्राम मुरबारी से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़ी दो बड़ी खबरें सामने आई है। एक ओर जहां लोन एजेंट की धोखाधड़ी के कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बैंक खाता होल्ड हो गया है और उन्हें 9 महीने से मानदेय नहीं मिल सका है तो वहीं दूसरी ओर मई माह में संदिग्ध परिस्थितियों में जान गंवाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज कोरी मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें: ‘मुझे छोड़ दो मम्मी…!’ रेलवे स्टेशन पर मनचले ने की छेड़छाड़ तो महिला बनी ‘झांसी की रानी’; पीट-पीटकर सिखाया सबक; VIDEO VIRAL
एजेंट ने हड़पी लोन की किस्तें, खाते पर लगा होल्ड, 9 माह से मानदेय ठप
ग्राम मुरबारी निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मनोरमा बर्मन ने बताया कि उन्होंने गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ मिलकर वर्ष 2024 में मझौली स्थित बैंक से 30 हजार रुपये का लोन लिया था। लोन की 2,660 रुपये की मासिक किस्तें वे समय पर एक एजेंट के माध्यम से जमा कर रही थीं।
पीड़ित महिलाओं ने पूरी राशि चुकता कर दी लेकिन शातिर एजेंट ने पैसे बैंक में जमा ही नहीं किए। इसके चलते बैंक प्रबंधन ने नवंबर-दिसंबर 2025 में मनोरमा बर्मन के खाते पर होल्ड लगा दिया। खाता होल्ड होने के कारण बीते 9 महीनों से उनका मानदेय रुका हुआ है। एजेंट का मोबाइल नंबर बंद आ रहा है और बैंक से कोई सहायता नहीं मिल रही। परेशान होकर पीड़ित महिला ने सीएम हेल्पलाइन, ढीमरखेड़ा थाना और कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा से गुहार लगाकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज कोरी की आई PM रिपोर्ट, प्रताड़ित करने वाले युवक पर मामला दर्ज
ग्राम मुरबारी की ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज कोरी की मई महीने में जबलपुर मेडिकल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। 3 महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट न आने से मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। आशंका जताई जा रही थी कि यह हत्या है या आत्महत्या या बीमारी से मृत्यु हुई है। आपको बता दें कि लल्लूराम डॉट कॉम ने इस खबर को प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद शासन-प्रशासन ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
ये भी पढ़ें: आदिवासी हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध मौत! जेब से मिली पर्ची, विधायक सेना पटेल मौके पर पहुंचीं
थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी का बयान
ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी ने बताया कि सरोज कोरी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट करीब एक सप्ताह पहले प्राप्त हो चुकी है। परिजनों की शिकायत और पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जबलपुर के एक युवक के खिलाफ प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि उक्त युवक की प्रताड़ना से तंग आकर सरोज कोरी ने विषपान जहर का सेवन कर आत्महत्या की थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


