लक्ष्य वर्मा ,करनाल। जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी (डीआईपीआरओ) सत्यवान महिवाल ने उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा के निर्देशों के तहत सोमवार को अपने कार्यालय में स्टाफ के साथ स्व-गणना प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया।

इसके साथ ही उन्होंने मीडिया कर्मियों की सुविधा के लिए कार्यालय परिसर में एक स्व-गणना हेल्प-डेस्क की शुरुआत की। इस हेल्प-डेस्क के माध्यम से अधिकारी, कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि आसानी से ऑनलाइन वेब पोर्टल पर अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे।


ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दे सकते हैं विवरण
सत्यवान महिवाल ने बताया कि आगामी जनगणना 2027 के पहले चरण में नागरिकों को स्वयं अपनी गणना करने का अवसर दिया गया है। इसके लिए लोग se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से 30 अप्रैल तक अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन भर सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से उन लोगों के लिए उपयोगी है जो दिनभर काम के कारण घर पर मौजूद नहीं रहते।

उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस हेल्प-डेस्क या घर से ही स्व-गणना कर इस राष्ट्रीय अभियान में भाग लें और देश के विकास में योगदान दें।