समीर शेख, बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने और 8 महीने का गर्भ ठहरने के बाद जबरन गर्भपात करा दिया गया। इस घटना में कथित तौर पर जयस नेता राहुल सोलंकी का नाम सामने आने के बाद इलाके की सियासत और सामाजिक माहौल गरमा गया है। पीड़िता के बयानों के आधार पर शहर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल सोलंकी और एक अन्य युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अस्पताल में बिगड़ी तबीयत, तब खुला राज
बताया जा रहा है कि सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग पीड़िता की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुँचने पर उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। मामले की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और पीड़िता के बयान दर्ज किए।
पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में आरोप लगाया है कि राहुलपिता रतनसिंह सोलंकी नामक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद जब उसे आठ महीने का गर्भ ठहर गया, तो उसे गर्भपात की गोलियां खिला दी गईं। आज जब उसकी हालत ज्यादा गंभीर हुई, तो वह अस्पताल पहुँची। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर जयस नेता राहुल सोलंकी और एक अन्य आरोपी दिलीप के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं।
बीजेपी नेता ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेजी से सामने आ रही हैं। भाजपा नेता डॉ. रेलाश सेनानी ने तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि आदिवासियों के रक्षक और मुखिया का मुखौटा पहनकर घूमने वाले लोग आज समाज के भक्षक बन गए हैं। जयस और आदिवासी समाज के मंचों से बेटियों की रक्षा करने का ढोंग करने वाले व्यक्ति पर समाज की ही बेटी ने दुराचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। आज समाज की बेटी अस्पताल में मरणासन्न स्थिति में है।” उन्होंने शासन और प्रशासन से मांग की है कि ऐसे आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

